Weather News: चंडीगढ़-मोहाली और पंचकूला में कोहरे व शीत लहर का कहर, 16 उड़ानें रद्द, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी एक सप्ताह तक धुंध और कोहरा छाया रहेगा। शनिवार को चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं, वहीं अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। घने कोहरे की वजह से शीतलहर और बढ़ेगी।
विस्तार
ट्राइसिटी शनिवार को घने कोहरे की चपेट में रही। धुंध और खराब मौसम के चलते शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से 16 उड़ानें रद्द रहीं। सुबह घने कोहरे के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं शाम होते ही फिर कोहरा घना हो गया। शहर की सड़कों पर दृश्यता काफी कम रही। वहीं, शीत लहर चलने से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर तक मौसम ऐसा रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी एक सप्ताह तक धुंध और कोहरा छाया रहेगा। शनिवार को चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं, वहीं अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। घने कोहरे की वजह से शीतलहर और बढ़ेगी।
शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तकरीबन 9 घंटे आवागमन बंद रहा। एयरपोर्ट पर सुबह 5:55 बजे लोगों और उड़ानों का आवागमन शुरू हो जाता है लेकिन शनिवार को एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट ने सुबह 9 बजे उड़ान भरी। इससे पहले अथॉरिटी ने चार उड़ानें रद्द कर रखी थीं।
आम दिनों में एयरपोर्ट रात एक बजे तक ऑपरेट होता है लेकिन धुंध अधिक बढ़ जाने पर एयरपोर्ट अथॉरिटी को शाम सात बजे से सारी उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
ये फ्लाइट्स रहीं रद्द
- 6ई2177 चंडीगढ़-दिल्ली
- 6ई5261 चंडीगढ़-मुबंई
- 6ई867 चंडीगढ़-हैदराबाद
- 6ई6634 चंडीगढ़-बैंगलोर
- 6ई6395 चंडीगढ़-अहमदाबाद
- 6ई6041 चंडीगढ़-कोलकाता
- 6ई 7413 चंडीगढ-जयपुर
- यूके 681 चंडीगढ़-पुणे
इन फ्लाइट्स ने भरी लेट उड़ान
- यूके668 चंडीगढ़-दिल्ली 2 घंटे लेट
- यूके654 चंडीगढ़-मुबंई 1 घंटे 50 मिनट लेट
- 6ई6056 चंडीगढ़-गोवा 3 घंटे 10 मिनट लेट
- यूके653 मुबंई-चंडीगढ 2 घंटे 56 मिनट लेट
- 6ई2157 दिल्ली-चंडीगढ़ 3 घंटे लेट
पुलिस की अपील-जरूरी होने पर ही घर से निकलें
उधर, मोहाली में यातायात पुलिस ने घने कोहरे के चलते एडवाइजरी जारी कर अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही लोग घर से बाहर निकलें। अगर निकलना भी पड़ रहा है तो वाहन धीरे चलाएं, ओवरटेक करते समय एहतियात बरतें। डीएसपी ट्रैफिक महेश कुमार सैनी ने कहा कि कोहरे में दोपहिया और चारपहिया वाहन पर सफर करना जोखिम भरा है। चालक सावधानी पूर्वक वाहन चलाएं। पिछले कुछ दिनों से सुबह-शाम घना कोहरा पड़ रहा है। इससे सड़क हादसे भी बढ़ गए हैं। पुलिस की ओर से अभियान चलाकर लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। सड़क किनारे रिफ्लेक्टर वाली पट्टियां लगाई जा रही हैं ताकि वाहन चालकों को सड़क ठीक से दिखाई दे।