चंडीगढ़ में मिले पांच नए मरीज, छह डिस्चार्ज, पंचकूला में दो संक्रमित, मोहाली में 17 हुए ठीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ में सोमवार को भी कोरोना के पांच नए मामले सामने आए। सेक्टर-50 में एक जबकि खुड्डाअलीशेर और डड्डूमाजरा में दो-दो संक्रमित मिले हैं। सेक्टर-50 में संक्रमित मिला 37 वर्षीय पुरुष 16 जून को दिल्ली से लौटा है। वह दिल्ली में अपने रिश्तेदार के साथ एक ही फ्लैट में रहता था। वहीं, अस्थमा के साथ टीबी की बीमारी से पीड़ित डड्डूमाजरा निवासी 60 वर्षीय महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
महिला का पीजीआई में कई सालों से इलाज चल रहा है। कोरोना की पुष्टि के बाद महिला के परिवार के छह सदस्यों के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। डड्डूमाजरा का 36 वर्षीय युवक भी संक्रमित पाया गया है। उधर, खुड्डाअलीशेर में एक कंपनी में कार्यरत 31 वर्षीय पुरुष और 38 वर्षीय पुरुष कोरोना की चपेट में आए हैं।
38 वर्षीय पॉजिटिव व्यक्ति अपने कार्यस्थल पर सेक्टर-48 निवासी पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। चार नए मरीजों के मिलने के बाद शहर में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 417 हो गई है। वहीं, दूसरी तरफ जीएमसीएच सेक्टर-32 में भर्ती 6 मरीजों को डिस्चार्ज करके अगले 7 दिनों के लिए सूद धर्मशाला में क्वारंटीन कर दिया गया है। इनमें सेक्टर-16 का एक, धनास का एक और खुड्डाजस्सू के चार मरीज शामिल हैं।
पंचकूला में कोरोना के दो पॉजिटिव केस मिले
पंचकूला में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भी कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। इसकी पुष्टि पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर- 6 की सीएमओ डॉक्टर जसजीत कौर ने की है। उन्होंने बताया कि दोनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इनके संपर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बनाई जा रही है।
पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि पंचकूला के दो कोरोना संक्रमित मरीजों में से एक मरीज पंचकूला सेक्टर- 20 की सोसाइटी जीएच- 6 से मिला है। वहीं दूसरी मरीज सेक्टर-16 में 21 वर्षीय युवती है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि स्पेशल फ्लू वार्ड में दोनों के सैंपल लिए गए थे। जुकाम, खांसी की समस्या आने के बाद ये खुद सैंपल देने आए थे।
पंचकूला स्वास्थ्य विभाग के नोडल ऑफिसर राजीव नरवाल ने बताया कि दोनों मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट बनाई जा रही है। सभी को होम क्वारंटीन करने के साथ उनके सैंपल लिए जाएंगे।
अभी तक इन दोनों के संपर्क में 12 लोगों के आने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-16 की पहले भी एक महिला पॉजिटिव मिली थी। उसी के पास इस युवती का भी घर है। इसको देखकर प्रशासन ने इस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। सभी के सैंपल लिए जाएंगे प्रशासन की तरफ से सभी जगह सैनिटाइज भी कराया जा रहा है। पंचकूला में अब तक 140 केस सामने आ चुके हैं।
मोहाली को राहत: 17 लोगों ने कोरोना को दी मात
मोहाली के लिए सोमवार वाला दिन कोरोना से राहत भरा रहा। मोहाली में एक साथ 17 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। खबर लिखे जाने तक कोई पॉजिटिव केस नहीं आया था। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में कोरोना के कुल 222 केस आ चुके हैं, जिसमें 168 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं। जबकि तीन की मौत हो चुकी है। वहीं, अब केवल 51 केस एक्टिव रह गए हैं।
सोमवार को 17 लोगों ने कोरोना को मात दी है। हालांकि इन्हें अभी होम क्वांरटीन रहना होगा ताकि दोबारा वह बीमारी की चपेट में न आएं। ठीक होने वालों लोगों में जीरकपुर, बलटाना, डेराबस्सी, कुराली, मोहाली, नयागांव के लोग शामिल हैं। इसमें 11 और 13 साल के बच्चों से लेकर 55 साल तक के लोग शामिल हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि अभी तक जिले में लिए गए कोरोना सैंपलों में से 94 फीसदी की रिपोर्ट निगेटिव आई है जोकि अच्छा संकेत है।