Haryana: क्या टूट जाएगी जजपा? दुष्यंत चौटाला और विधायकों के बीच बढ़ी खटास, हिसार रैली से पांच ने बनाई दूरी
भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद जननायक जनता पार्टी की राह अब आसान नहीं दिख रही है। पार्टी के 10 में से पांच विधायकों की नाराजगी बढ़ चुकी है। ये विधायक भाजपा के संपर्क में है और किसी भी समय जजपा को अलविदा कह सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में गठबंधन टूटने के बाद से जननायक जनता पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और पार्टी के विधायकों के बीच दूरियां बढ़ती जा रही हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला के जन्मदिवस पर हिसार में हुई रैली से पार्टी के पांच विधायकों ने दूरी बना ली। नारनौंद से विधायक रामकुमार गौतम, नरवाना से रामनिवास सुरजाखेड़ा, गुहला चीका से ईश्वर सिंह, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली और बरवाला से विधायक जोगी राम सिहाग विधानसभा के विशेष सत्र में मौजूद रहे। ये पांचों विधायक नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे।
पांचों विधायकों के रैली में नहीं पहुंचने के चलते जजपा ने व्हिप जारी किया था। इसलिए सदन के अंदर जब विश्वास मत को लेकर वोटिंग हुई तो उस समय पांचों विधायक सदन से बाहर निकल गए थे। जजपा विधायकों की बढ़ती नाराजगी से साफ है कि वे जजपा के साथ लंबी पारी नहीं खेलेंगे, बल्कि भाजपा के साथ नई पारी का आगाज करेंगे।
हरियाणा में अक्तूबर माह में चुनाव होने हैं। ऐसे में अभी से ये पांचों विधायक भाजपा के साथ अपने संबंधों को प्रगाढ़ कर रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि ये पांचों विधायक पार्टी के अन्य विधायकों के साथ भी संपर्क में हैं और उन्हें भाजपा की तरफ लाने की कोशिश की जा रही है।
गौतम बोले- पहले तोड़ना था गठबंधन
गठबंधन टूटने के सवाल पर जजपा विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि अब गठबंधन तोड़ने का क्या फायदा, ये तो सरकार बनने के छह माह बाद ही तोड़ देना चाहिए था। अब न तो जजपा को फायदा मिलेगा और न ही भाजपा को। हिसार रैली में न जाने पर गौतम ने कहा कि उनका जजपा के साथ कोई संबंध नहीं है। इसलिए रैली में जाने का सवाल ही नहीं उठता। वह तो सरकार बनने के बाद से ही जजपा से दूर हैं। मनोहर लाल के कार्यकाल को लेकर गौतम ने कहा कि उन्होंने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। वहीं, नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर कहा कि ये भाजपा ने फैसला लिया है, देखेंगे वे कैसा काम करते हैं।