लुधियाना: गैंगस्टर ने साथियों समेत युवक पर बरसाईं गोलियां, थाने के पास फायरिंग से दहशत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दरेसी के मेन बाजार में रविवार दोपहर गैंगस्टर शिवा भट्टी ने अपने तीन साथियों के साथ मोहित ठाकुर उर्फ गोरा (24) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिस जगह गोलियां चलाई गई, वहां से थाना डिवीजन चार कुछ ही दूरी पर है। गैंगस्टर ने पांच गोलियां चलाई जिनमें से दो गोलियां गोरा की टांग पर लगी।
वारदात के बाद मोटरसाइकिल और एक्टिवा पर आए चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने गैंगस्टर शिवा भट्टी और उसके तीन साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार दरेसी थाना डिवीजन चार के पास अहाता चलाने वाले गोरा की कुछ समय पहले गैंगस्टर शिवा भट्टी के साथ किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों में मामले दर्ज हुए थे। कुछ समय बाद दोनों में समझौता भी हो गया था, लेकिन रंजिश कम नहीं हुई थी। रविवार दोपहर को गोरा अपने अहाते के पास खड़ा था।
इसी दौरान एक्टिवा और एक बाइक पर शिवा और उसके तीन साथी वहां आए। पुरानी रंजिश को लेकर भट्टी की गोरा के साथ कहासुनी हो गई। इसी दौरान शिवा ने अपने पास रखी पिस्तौल निकालकर गोरा पर सीधी गोलियां चलानी शुरू कर दी। शिवा ने करीब पांच से छह फायर किए जिसमें से दो गोलियां गोरा की टांग पर लगी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
गोलियां चलते ही लोगों में मची अफरातफरी
कहासुनी के बाद एक दम से चली गोलियों से बाजार में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। मौका देखकर आरोपी भी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन उनके आने से पहले ही घायल को सीएमसी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने जांच के दौरान वहां से चार खोल बरामद किए। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जुटा रही है।
दोनों पक्षों में काफी समय पहले मारपीट हुई थी और बाद में समझौता हो गया था। रविवार को फिर पुरानी रंजिश के चलते गैंगस्टर शिवा ने गोलियां चलाई है। शिवा पर पहले भी महानगर के कई थानों में मारपीट के अलावा कई आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गुरप्रीत सिंह सिकंद, एडीसीपी वन