बेअदबी की घटनाएं रोकने को ठीकरी पहरा लगाएं पंजाबी : हरसिमरत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पंथ की रक्षा और आम आदमी पार्टी की साजिश को बेनकाब करने के लिए ठीकरी पहरा शुरू करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि आप के लोग ऐसी हरकतें कर अकाली-भाजपा गठबंधन को बदनाम करना चाहते हैं।
मंगलवार को जारी बयान में हरसिमरत ने कहा कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खालिस्तान कमांडो फोर्स के आतंकी गुरिंदर सिंह घाली के घर ठहरने की घटना ने साबित कर दिया है कि आप नेता ऐसे तत्वों को बेअदबी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल की इस मीटिंग के तुरंत बाद लंबी और मुक्तसर में ऐसी दो घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने लोगों को राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए ऐसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखने की अपील की है।
हरसिमरत ने सीएम बादल पर जूता फेंकने पर उठाया सवाल
उन्होंने कहा कि मंदिरों और चर्चों के प्रबंधक भी ऐसी घटनाओं के मद्देनजर सावधान रहें। उन्होंने कहा कि आप नेता असामाजिक तत्वों को बादल परिवार के खिलाफ भड़काने का काम भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबी में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर जूता फेंकने वाला गुरबचन सिंह चरमपंथी नेता अमरीक सिंह अजनाला का भाई है।
गुरबचन को आप का संरक्षण प्राप्त है। ऐसी घटनाओं के आरोपी आज खुलेआम आप नेताओं के साथ घूम रहे हैं। हरसिमरत बादल ने लोगों को आप नेताओं की नीयत पहचाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इन्हीं आप नेताओं ने दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शीशगंज साहिब के प्याऊ को बुलडोजर से तुड़वा दिया था।
मालेरकोटला में पवित्र कुरान की बेअदबी करने के मामले में आप के एक नेता को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब यही लोग आतंकी गुरिंदर सिंह घाली के घर पर बैठकें कर रहे हैं। घाली पर गाय की पूंछ काटकर मंदिरों में फेंकने का आरोप है। ऐसे लोगों पर कतई भरोसा नहीं किया जा सकता।