सरकारी विभागों में नौकरी, जांच में चौंकाने वाला खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए पुरुष तो जाली सर्टिफिकेट लगाते ही थे, लेकिन अब महिलाएं भी जाली दस्तावेज लगाने में उनसे कम नहीं हैं। यह खुलासा विभिन्न विभागों से पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड को भेजे सर्टिफिकट की वेरीफिकेशन से हुआ है। राज्य और केंद्र सरकार के तमाम विभागों, विश्वविद्यालयों में लोग विभिन्न पदों के लिए आवेदन करते हैं।
नौकरी हासिल करने के बाद विभाग उनके सर्टिफिकेट का वेरीफिकेशन कराते हैं। जिन लोगों ने पंजाब बोर्ड के सर्टिफिकेट लगाए होते हैं, विभाग की ओर से उनके वेरीफिकेशन के लिए बोर्ड को लिखा जाता है। हर महीने बोर्ड को भारी संख्या में सर्टिफिकेट वेरीफिकेशन के लिए भेजे जाते हैं।
इनमें से अब तक 45 लोग ऐसे मिले हैं, जिन्होंने जाली दस्तावेज लगाकर नौकरी हासिल की। दिलचस्प बात यह है कि इनमें 18 महिलाएं हैं। इन लोगों ने मैट्रिक, दसवीं और बारहवीं के गलत दस्तावेज लगाए, जो वेरीफिकेशन में पकड़े गए। पंजाब बोर्ड ने जालसाजी रोकने के लिए अप्रैल 2013 में यह सिस्टम शुरू किया था।
इसके तहत सिर्फ सरकारी विभागों और संस्थाओं की मांग पर ही वेरीफिकेशन की जाती है, जिसके लिए बोर्ड छह सौ रुपये प्रति सर्टिफिकेट फीस वसूलता है। जांच में जाली पाए गए दस्तावेजों का ब्योरा बोर्ड अपनी वेबसाइट पर डाल देता है। कोई भी विभाग नियुक्ति से पहले उसे देख सकता है।
पुलिस से लेकर आर्मी तक धोखाधड़ी
जाली दस्तावेज लगाकर नौकरी हासिल करने वालों ने पंजाब पुलिस से लेकर आर्मी तक को नहीं छोड़ा। अब तक पकड़े गए मामलों से यह सामने आया है। जालसाजों ने आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस अमृतसर व पटियाला, डाक विभाग अमृतसर व संगरूर, डीआरएम उत्तर रेलवे नई दिल्ली, एसएसपी रूरल दफ्तर लुधियाना, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी, एसएसपी फिरोजपुर, रीजनल पासपोर्ट दफ्तर चंडीगढ़, शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर, डीआरएम फिरोजपुर, ईओ विंग संगरूर व फिरोजपुर, पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला, आर्मी रिक्रूटमेंट डायरेक्टर मंडी, पुलिस स्टेशन सिरमौर, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस जालंधर, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, पुलिस कमिश्नर दफ्तर जालंधर, डीसी दफ्तर जालंधर, चाइल्ड वेलफेयर इंस्पेक्टर उत्तर रेलवे अंबाला, पंजाब पुलिस अकादमी फिल्लौर, पंजाब आम राज्य प्रबंधन विभाग चंडीगढ़, एसएसपी दफ्तर बठिंडा और सरकारी नर्सिंग स्कूल संगरूर में नौकरी के लिए जाली दस्तावेज लगाए।
पुलिस की नौकरी को दोनों जाली सर्टिफिकेट
शिक्षा बोर्ड की वेरीफिकेशन में दो महिलाओं के बड़े कारनामों का खुलासा हुआ है। दोनों ने ही अलग-अलग जगह पुलिस की नौकरी को जाली दस्तावेज लगाए। दिलचस्प बात यह थी कि दोनों सर्टिफिकेट जाली पाए गए।
एक महिला ने सिरमौर जिला पुलिस में नौकरी को आवेदन किया था। उसके मैट्रिक और बारहवीं के सर्टिफिकेट जाली पाए गए। दूसरी महिला ने संगरूर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में आवेदन किया था। उसने भी मैट्रिक और बारहवीं के जाली दस्तावेज लगाए।