बरसात में चंडीगढ़वासियों को लगा महंगाई का 'करंट', बिजली की दरों में इतनी हुई वृद्धि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बारिश के मौसम में शहरवासियों को बिजली का झटका लगा है। घाटे से जूझ रहे नगर निगम ने अपनी आय बढ़ाने के लिए अपने एरिया में बिजली के इस्तेमाल पर टैक्स लगा दिया है। अब शहरवासियों को बिजली 10 पैसे प्रति यूनिट महंगी मिलेगी।
नगर निगम की जुलाई 2018 की जनरल हाउस की मीटिंग में पंजाब की तर्ज पर बिजली में प्रति यूनिट 10 पैसे टैक्स लगाने की मांग की गई थी। पंजाब और हरियाणा राज्यों ने स्ट्रीट लाइट सहित कई अन्य सुविधाओं को चालू रखने के लिए नगर पालिकाओं को अधिकार दे दिए हैं। दोनों राज्यों ने यह अधिकार बिजली व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए नगर निगम को दिए हैं।
चंडीगढ़ नगर निगम की ओर से एक साल पहले यह अधिकार प्रशासन से मांगा गया था। पहले तो प्रशासन ने निगम को यह अधिकार देने में आनाकानी की, लेकिन निगम द्वारा प्रशासन से अतिरिक्त धन मांगे जाने पर प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए थे।
इसके बाद प्रशासन ने एमसी की बात को मानते हुए उसे पंजाब की तर्ज पर बिजली की दरों में 10 पैसे प्रति यूनिट टैक्स लगाने की अनुमति दे दी है। सूत्रों के मुताबिक इसी हफ्ते प्रशासन ने नगर निगम को इसकी मंजूरी दे दी है और अगला बिल बढ़कर आएगा।
प्रशासन ने इसलिए दी अनुमति
यूटी प्रशासन के एक अफसर ने बताया कि प्रशासन ने केंद्र से नगर निगम के लिए 125 करोड़ रुपये की अतिरिक्त डिमांड भेजी थी। केंद्र की ओर से जारी बजट में इसे नकार दिया गया। इसके बाद एमसी को घाटे से उबारने के लिए प्रशासन ने निगम को 10 पैसे प्रति यूनिट बिजली पर टैक्स लगाने की अनुमति दे दी है।
चंडीगढ़ में 2.19 लाख बिजली उपभोक्ता
बिजली विभाग के आंकड़े के मुताबिक चंडीगढ़ में 2.19 लाख उपभोक्ता हैं। इसमें डोमेस्टिक कैटेगरी में 1.75 लाख आते हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो इसमें 94 फीसदी लोग रेगुलर बिल का भुगतान करते हैं।
शहर में ये हैं बिजली के दाम
चंडीगढ़ में 150 यूनिट तक बिजली खर्च करने वालों से विभाग 2.30 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से चार्ज करता है। 151 से 400 यूनिट खर्च करने वालों से 4.20 रुपये प्रति यूनिट और 400 यूनिट से ऊपर खर्च करने वालों से 4.40 रुपये प्रति यूनिट चार्ज किए जाते हैं।
वहीं, कामर्शियल कैटेगरी में 150 यूनिट का 4.30 रुपये, 151 से 400 यूनिट के बीच 4.50 रुपये और 400 यूनिट से ऊपर 4.70 रुपये चार्ज होता है। अब इन रेटों में निगम द्वारा लगाए गए टैक्स के बाद प्रति यूनिट 10 पैसे बढ़ जाएंगे।