रैली में शाह का ऐसा ईशारा, विशेषज्ञ भी चौंके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में चुनाव प्रचार के दूसरे दिन भाजपा अध्यक्ष ने कुछ ऐसा कह दिया कि राजनीति के विशेषज्ञ भी चौंक गए।
दरअसल हरियाणा के नारनौंद से प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कैप्टन अभिमन्यु को दिल्ली से हरियाणा की जनता की सेवा करने लिए भेजा गया है।
नारनौंद हलके से कैप्टन को जिताकर चंडीगढ़ भेजें ताकि वे अपने नेतृत्व हरियाणा प्रदेश की सेवा कर सकें। भाषण के दौरान उन्होंने कैप्टन को सूबे में बड़ी भूमिका देने का इशारा किया।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इनेलो पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र की तरह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर प्रदेश में भी खूब चलेगी।
जो कैप्टन होता है वही कैप्टन बनता है
उन्होंने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के तिहाड़ जेल से शपथ लेने वाले बयान पर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इन लोगों का कानून और संविधान में कोई विश्वास नहीं है।
जनता ऐसे लोगों का अहंकार दूर करेगी। भाषण के दौरान उन्होंने फिर दोहराया कि इस बार कमल का बटन इतनी तेज दबाना कि उसका करंट इटली तक महसूस हो।
नारनौंद में कांग्रेस से भाजपा में आए दिग्ग्ज नेता बीरेंद्र सिंह डूमरखां ने भी कैप्टन को समर्थन देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की राजनीति निर्णायक मोड़ ले रही है और आप लोग इस परिवर्तन में भागीदार बनें। उन्होंने कैप्टन अभिमन्यु के बारे में कहा कि ‘जो कैप्टन होता है, वह आगे भी कैप्टन ही बनता है।’
दस साल बाद बोलने वाला प्रधानमंत्री
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि भारत को दस साल बाद बोलने वाला प्रधानमंत्री मिला है। इसीलिए भाजपा की सरकार बनने के तीन माह के अंदर ही देश-विदेश में हालात में बहुत परिवर्तन आया है।
पहले सीमा पर पाकिस्तान ही गोलीबारी शुरू करता था, वही समाप्त करता था। अब शुरुआत पाकिस्तान करता है और समाप्त हम करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी विदेशी दुस्साहस का जवाब ईंट के बदले पत्थर से देगा।
हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। जब पड़ोसी देश अलगाववादियों से वार्ता बंद कर देंगे तभी भारत उनके साथ बातचीत करेगा।
ग्रीन ब्रिगेड, गुलाबी गैंग व गुंडागर्दी का सफाया
उधर, करनाल के तरावड़ी में नीलोखेड़ी के प्रत्याशी भगवान दास के पक्ष में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि हुड्डा ने हरियाणा की जमीन सस्ते दामों पर बेचकर सोनिया के दामाद को दे दी।
19 अक्तूबर के बाद हुड्डा को हरियाणा मं आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भाजपा हरियाणा से ग्रीन ब्रिगेड, गुलाबी गैंग व गुंडागर्दी को खत्म कर गुड गवर्नेंस स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा सिख कौम का हिमायती होने का दावा करता है, लेकिन कांग्रेस कभी सिख कौम का भला नहीं कर सकी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल देश के भीतर सिखों का सम्मान किया बल्कि अमेरिका की धरती पर जाकर भी सिखों के गुरुओं की देशभक्ति के बारे में बोलकर वहां भी सिखों का सम्मान किया।
भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हरि के वास हरियाणा में कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को चलता करना होगा। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हमारा हलका सरकार की अनदेखी के कारण काफी पिछड़ चुका है। अब हमें ठोस कदम उठाना ही होगा।
इस मौके पर सुरेंद्र बरवाला, प्रो. छत्रपाल, डॉ. कमल गुप्ता, सुरेंद्र पूनियां, कर्ण सिंह रानौलिया, सीमा गैबीपुर, जोगीराम सिहाग, स्वामी राघवानंद, डॉ. एमएल रंगा, प्रो. मंदीप मलिक, नरेश वर्मा, सुदर्शन खर्ब और महाबीर चेयरमैन आदि मौजूद थे।