शिक्षा प्रोवाइडरों ने रोकी हाईवे की रफ्तार, दो घंटे तक लगाया जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संघर्ष पर चल रहे शिक्षा प्रोवाइडरों ने रविवार को एक बार फिर नेशनल हाईवे की रफ्तार रोक दी। खरड़ बस स्टैंड पर शिक्षा प्रोवाइडरों ने जाम लगा दिया, इस कारण हिमाचल, जम्मू और सूबे के अन्य इलाकों में जाने वाले लोग घंटों परेशान होते रहे।
हालांकि लोगों को परेशानी न हो, इसलिए पुलिस ने बलौंगी से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया था, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की घटिया मैनेजमेंट के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। दो मिनट का सफर तय करने के लिए लोग आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। यही हाल कुराली में भी रहा, जहां पर पुलिस ने कुराली से मोहाली, चंडीगढ़ जाने वालों को कुराली से सिंसवां टी प्वाइंट की ओर डायवर्ट कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक, बीते करीब एक साल से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे शिक्षा प्रोवाइडर यूनियन ने रविवार को छुट्टी वाले दिन खरड़ बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। यूनियन के प्रधान अजमेर सिंह औलख की अगुवाई में प्रदेश भर से आए शिक्षा प्रोवाइडरों ने जाम लगा दिया और सड़क पर बैठ गए। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शिक्षा प्रोवाइडरों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस कारण वहां से गुजरने वाले वाहन बीच में ही फंस गए। इसमें बाहरी राज्यों से आने और जाने वाली बसें भी शामिल थीं। जाम लगने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया।
मॉल व मैरिज पैलेसों में जाने वाले लोग हुए परेशान
एसपी हेडक्वार्टर जगजीत सिंह द्वारा मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से सोमवार को फतेहगढ़ साहिब में मुलाकात करवाने और शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा के साथ मंगलवार को मीटिंग करवाने का आश्वासन मिलने के बाद शिक्षा प्रोवाइडरों ने करीब दो घंटे के बाद जाम खोला।
मॉल व मैरिज पैलेसों में जाने वाले लोग हुए परेशान
जाम के दौरान ज्यादा परेशानी लोकल निवासियों को झेलनी पड़ी। जो स्थानीय निवासी अपने परिवार के साथ रविवार को नार्थ कंट्री मॉल में घूमने के लिए निकला उनको भी पुलिस ने बलौंगी बैरियर पर रोक दिया और वापस डायवर्ट किए गए रास्ते से जाने के लिए कहा।
इस कारण मॉल जाने में लोगों को पांच मिनट की बजाय करीब आधा घंटा लगा। यही हाल मैरिज पैलेसों का रहा। बलौंगी बैरियर के ठीक सामने मैरिज पैलेस जाने के लिए लोगों को भी पुलिस ने दूसरे रास्ते से आने के लिए कहा और कुछ कदमों की दूरी पर बने पैलेस तक नहीं जाने दिया। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
जाम के दौरान आपस में भीड़े कार चालक, हॉकी से की पिटाई
जाम के दौरान कुछ युवा एक कार में खरड़ की ओर से आए और बलौंगी बैरियर से फिर खरड़ की ओर मुड़ने लगे। इस दौरान वेरका चौक से आ रहे एक कार चालक के साथ उनकी कहासुनी हो गई। इतने में युवक कार से उतर गए और वेरका चौक की ओर से आ रहे युवक की कार की चाबी निकाल ली और उसे मारपीट करने लगे। हाथापाई होने के बाद जब बात बिगड़ी तो युवकों ने कार से हॉकी स्टिक और डंडे निकाल कर कार चालक को पीट दिया। काफी देर तक यह ड्रामा चलता रहा और इससे जाम बढ़ गया।