ED का शिकंजा: कांग्रेस विधायक, इनेलो और भाजपा नेता के परिसरों समेत 20 ठिकानों पर दबिश, 14 घंटे चली कार्रवाई
धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत यमुनानगर, सोनीपत, मोहाली, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और करनाल में दोनों राजनेताओं और संबंधित संस्थाओं के 20 ठिकानों की तलाशी ली जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अवैध खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोनीपत में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार, यमुनानगर में इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह, करनाल में भाजपा नेता मनोज वधवा समेत फरीदाबाद और चंडीगढ़ में कुल 20 ठिकानों पर छापे मारे। लगातार 14 घंटे तक ईडी की टीमें दस्तावेज खंगालती रहीं। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के सशस्त्र कर्मियों की सुरक्षा में चले इस जांच अभियान के दौरान न तो किसी को भीतर से बाहर जाने दिया और न अंदर प्रवेश करने दिया। ईडी की टीमें अपने साथ कई दस्तावेज ले गई हैं।
पिछले दिनों यमुनानगर और आसपास के जिलों में हुए कथित अवैध खनन की जांच के लिए हरियाणा पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर से मनी लॉन्ड्रिंग का मामला उपजा है। यमुनानगर और इसके आसपास के इलाकों में अवैध खनन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ईडी को आशंका है कि अवैध तरीके से खनन करके इसको वैध दिखाया जा रहा है।
अनियमितताओं की शिकायतों के बाद गुरुवार सुबह ईडी टीमों ने एक साथ सोनीपत में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के सेक्टर-15 स्थित आवास, सहयोगी सुरेश के घर, भाजपा नेता व करनाल के पूर्व डिप्टी मेयर मनोज वधवा के सेक्टर-13 स्थित आवास और यमुनानगर में इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के घर, कार्यालय व फार्म हाउस पर दबिश दी। सुबह छह बजे से शुरू हुई कार्रवाई रात आठ बजे तक चली। इस दौरान टीम ने खनन कारोबार से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते और जमीन से जुड़े मुख्य कागजातों की जानकारी जुटाई। ईडी ने आधिकारिक तौर पर इस मामले में कोई जानकारी साझा नहीं की है।
मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं वधवा
भाजपा नेता मनोज वधवा 2014 में इनेलो की टिकट से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। इसके बाद 2019 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। दोनों ही बार वह चुनाव हार गए। वधवा नगर निगम में डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। वर्तमान में मनोज वधवा भाजपा में शामिल हैं। हाल ही में नए साल पर वधवा ने पूरे शहर में सीएम के साथ फोटो के होर्डिंग लगवाकर शहरवासियों को शुभकामनाएं दी थीं।
विधायक पंवार का हरियाणा और राजस्थान में खनन कारोबार
सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार का हरियाणा के साथ राजस्थान में भी खनन कारोबार है। पिछले साल पंवार से विदेशी फोन नंबर से रंगदारी मांगी गई थी। गुरुवार को जब ईडी ने छापा डाला तो विधायक अपने आवास पर ही मौजूद थे।
अभय चौटाला के समधी हैं दिलबाग सिंह
पूर्व इनेलो विधायक दिलबाग सिंह काफी समय से खनन कारोबार से जुड़े हैं। वे इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला के समधी भी हैं। इससे पहले जनवरी-2022 में भी आयकर विभाग ने पूर्व विधायक के घर पर जांच की थी।
पानीपत में पोकलेन जब्त कर जजपा नेता पर लगाया नौ लाख जुर्माना
खनन विभाग और इन्फोर्समेंट विंग की संयुक्त टीम ने गांव बाल जाटान में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही खनन कर रहे लोग मशीन छोड़कर फरार हो गए। यहां जजपा नेता सुरेंद्र काला की पोकलेन मशीन पकड़ने के बाद उस पर नौ लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।