अब ई-पीडीएस साफ्टवेयर से बिना इंटरनेट भी मिलेगा राशन
हरियाणा सरकार ने ई-पीडीएस सिस्टम में टू जी कनेक्शन का झंझट पूरी तरह से खत्म कर दिया है। अब उपभोक्ता सरकारी डिपुओं में इलेक्ट्रानिक मशीन पर अंगूठा लगाकर राशन पा सकेंगे।
इसके लिए इंटरनेट कनेक्शन की कोई जरूरत नहीं होगी। ई-पीडीएस में टू जी कनेक्शन की तकनीकी दिक्कतों के चलते अंगूठे का निशान मैच नहीं हो पा रहा है।
इससे बीते नवंबर-दिसंबर महीने में 11-12 लाख उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पाया था। इसके बाद सरकार ने बिना इंटरनेट के काम करने वाला साफ्टवेयर तैयार किया है।
टू जी कनेक्शन में दिक्कत आने पर इंटरनेट का झंझट किया खत्म
खाद्य मंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुचारू संचालन के लिए नया ई-पीडीएस सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया गया है।
इसने एक जनवरी से काम करना शुरू कर दिया है। इसके लिए किसी प्रकार के नेट कनेक्शन की आवश्यकता नही होगी और उपभोक्ता फरवरी महीने में मात्र अंगूठा लगाने से ही राशन पा सकेंगे।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अब गेहूं के स्थान पर जल्दी उपभोक्ताओं को फोर्टिफाइड आटा वितरित किया जाएगा। यह सुविधा अंबाला जिले के नारायणगढ़ व बराड़ा में पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर शुरू होगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल से स्वीकृति मिल चुकी है।