दिल्ली से किसान नेताओं की अपील- टावरों को न पहुंचाए नुकसान, सिंघु बॉर्डर पर मुफ्त वाई-फाई देगी आप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसान आंदोलन के बीच पंजाब में मोबाइल टावरों को नुकसान पहुंचने का क्रम जारी है। अभ तक राज्य में 1561 से ज्यादा टावरों को नुकसान पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लोगों से दूरसंचार सेवा को नुकसान न पहुंचाने की अपील की। इसके बाद भी प्रदेश में टावरों को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। इस मामले में अब किसान संगठनों की प्रतिक्रिया सामने आई है। दिल्ली सीमा पर आंदोलनरत किसान नेताओं ने लोगों से इन महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान न पहुंचाने की अपील की है।
टावर बंद होने से कई गांवों में इंटरनेट ठप
फिरोजपुर जिले में गांव हजारा सिंह वाला, टिब्बी, राऊके हिठाड़, मल्लांवाला व खाईफेमीकी में जियो के टावर बंद होने से कई इलाकों में इंटरनेट सेवा ठप है। ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले छात्रों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मल्लांवाला निवासी कृष्ण कुमार कटारिया ने बताया कि जियो टावर बंद होने से इंटरनेट की काफी समस्या आ रही है।
बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है। टावर बंद होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ममदोट निवासी गुरमेज सिंह ने बताया कि गांव हजारा सिंह वाला, टिब्बी व रारूके हिठाड़ में टावर की सप्लाई कट देने से जियो के कनेक्शन बंद पड़े हैं। उनका बच्चा अर्शदीप सिंह पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। इंटरनेट सेवा ठप होने से ऑनलाइन पढ़ाई नहीं हो पा रही है। मुकेश कुमार ने बताया कि टावर बंद होने से शहर में भी सिग्नल की समस्या आ रही है।
सिंघु बॉर्डर पर मुफ्त वाईफाई देगी आप
सिंघु बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों को आम आदमी पार्टी (आप) ने मुफ्त वाईफाई की सुविधा देने का एलान किया है। पंजाब के सह-प्रभारी और दिल्ली जल बोर्ड अध्यक्ष राघव चड्ढा ने कहा कि किसानों के आंदोलन को गति देने में परेशानी न हो, इसके लिए पार्टी ने यह फैसला किया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र को जल्द अड़ियल रवैया छोड़कर किसानों की मांगों को मान लेना चाहिए, नहीं तो केंद्र सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
गुरदासपुर में चार टावरों के कनेक्शन बहाल
गुरदासपुर में किसानों ने जिन चार टावरों के कनेक्शन काटे थे, उन्हें बहाल कर दिया गया है। इनमें सदर थाना गुरदासपुर का एक, घुम्मन कलां के दो और कलानौर का एक टावर शामिल है। यह जानकारी एसएसपी गुरदासपुर राजिंदर सिंह सोहल ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अभी किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है।
टावरों को नुकसान न पहुंचाएं किसान : राणा केपी
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह ने आंदोलनकारी किसानों से अपील की है कि वह किसी भी टावर को नुकसान न पहुंचाएं। किसान नेता राजेवाल साहिब ने भी किसानों से ऐसा न करने की अपील की। राणा केपी सिंह ने कहा कि कोरोना के कारण स्कूल-कॉलेज बंद हैं। विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। मोबाइल टावरों के कनेक्शन काटे जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी।
मोगा में किसानों की बैठक में अहम फैसला
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चेतावनी के बाद किसान संगठनों ने फैसला लिया है कि वह जियो के मोबाइल टावर समेत कारपोरेट घरानों की किसी भी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। किसान अब एक युवा कमेटी का गठन करेंगे, जो गांव-गांव जाकर लोगों को जियो के सिम अन्य कंपनियों में पोर्ट करवाने को कहेगी। इस संबंध में मंगलवार को मोगा में किसान संगठनों के नेताओं ने एक बैठक भी की।