{"_id":"6355a195a9fd525b3623ff7b","slug":"dhanteras-500-cars-delivered-gold-and-silver-sold-a-lot-a-business-of-350-crores-chandigarh-news-pkl4663189140","type":"story","status":"publish","title_hn":"चंडीगढ़: धनतेरस पर 500 कारों की डिलीवरी, खूब बिका सोना-चांदी... 350 करोड़ का कारोबार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चंडीगढ़: धनतेरस पर 500 कारों की डिलीवरी, खूब बिका सोना-चांदी... 350 करोड़ का कारोबार
Mon, 24 Oct 2022 01:48 AM IST
पंचकुला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़
अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़
Published by: पंचकुला ब्यूरो
Updated Mon, 24 Oct 2022 01:48 AM IST
सार
कारोबारियों के मुताबिक चंडीगढ़ में धनतेरस के दूसरे दिन करीब 350 करोड़ का कारोबार हुआ। धनतेरस पर मंदिरों और घरों में भगवान में धन्वंतरि की पूजा की गई। व्यापारियों के मुताबिक, इस बार बाजार में कोरोना का असर नहीं दिखाई दिया।
विज्ञापन
सेक्टर-20 में धनतेरस के मौके पर बर्तनों की एक दुकान में खरीदारी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
धनतेरस पर इस वर्ष बाजार में खूब धनवर्षा हुई। दूसरे दिन भी लोगों ने आभूषण, सोने-चांदी के सिक्के व मूर्तियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, गिफ्ट आइटम, बर्तन, मोबाइल, बाइक-स्कूटी, कार से लेकर घरेलू साज-सज्जा के सामानों की जमकर खरीदारी की।
विज्ञापन
कारोबारियों के मुताबिक चंडीगढ़ में धनतेरस के दूसरे दिन करीब 350 करोड़ का कारोबार हुआ। धनतेरस पर मंदिरों और घरों में भगवान में धन्वंतरि की पूजा की गई। व्यापारियों के मुताबिक, इस बार बाजार में कोरोना का असर नहीं दिखाई दिया। धनतेरस व दीपावली को लेकर होने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस की ने भी जगह-जगह जवानों की तैनाती की हुई थी। बाजारों में भारी भीड़ उमड़ने से कई जगह जाम की स्थिति भी रही।
विज्ञापन
150 करोड़ का सोना बिका
शहर में इस बार लोगों ने खूब सोना खरीदा। शहर में ज्वेलरी के पांच-छह बड़े कारोबारी हैं। इनके अलावा 200 के करीब सामान्य कारोबारी हैं और 500 से ज्यादा छोटे कारोबारी हैं। सभी के यहां कुल मिलाकर करीब 150 करोड़ का कारोबार हुआ। पीपी ज्वेलर्स के मालिक विकास गर्ग ने बताया कि लोगों ने इस बार रिकॉर्ड सोना-चांदी खरीदा। उन्होंने आज सबसे महंगा करीब 22 लाख रुपये का हार बेचा। दो दिन धनतेरस होने के चलते लोगों ने दोनों दिन जमकर खरीदारी की। गहने, सोने के सिक्के, बिस्किट आदि खूब बिके।
विज्ञापन
80 करोड़ के वाहन बिके
शहर में रविवार को विभिन्न कंपनियों के कार शोरूम से करीब 500 कारों की डिलीवरी की गई। सबसे ज्यादा एसयूवी गाड़ियां बिकीं। लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) भी खूब बिकीं। वेटिंग लिस्ट पर सबसे ज्यादा मांग स्कॉर्पियो, एक्सयूवी 500 और 700, न्यू ब्रेजा, टाटा नेक्सन, टाटा पंच और किया की सोनेट की है। हुंडई के शोरूम में शनिवार और रविवार को मिलाकर 60 गाड़ियों की डिलीवरी हुई। मारुति के शोरूम में भी लगभग 65 गाड़ियों की चाबी लोगों को सौंपी गई। बर्कले स्क्वायर के मालिक संजय दहूजा ने बताया कि इस बार वाहन खूब बिके। रविवार को सिर्फ बर्कले ग्रुप ने 150 कारों की डिलीवरी दी। वहीं, बाइक-स्कूटी की भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। करीब 1200 बाइक-स्कूटरों की रविवार को डिलीवरी हुई और करीब 20 करोड़ का कारोबार किया।
इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लेकिन कारें उपलब्ध नहीं
इस बार बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की भी मांग है लेकिन गाड़ियां उपलब्ध नहीं हैं। उनका प्रोडक्शन काफी कम है इसलिए वेटिंग लिस्ट लंबी हो रही है। शोरूम संचालकों ने कहा कि अभी ईवी सिर्फ नाम की है क्योंकि गाड़ियां कम हैं। ज्यादातर कंपनियां ईवी बनाती ही नहीं हैं।
16 करोड़ के बिके मोबाइल, लैपटॉप
कंप्यूटर मार्केट सेक्टर-20 के प्रधान नरेश गर्ग ने बताया कि धनतेरस पर दो दिनों में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में भी बूम रहा। दो दिनों में 4 करोड़ के लैपटॉप का व्यवसाय हुआ। इसमें करीब एक हजार लैपटॉप बिके। वहीं, 12 करोड़ का मोबाइल का कारोबार हुआ।
साढ़े 7 करोड़ की बिकी मिठाइयां
दिवाली पर सबसे ज्यादा मिठाइयों का आदान-प्रदान होता है इसलिए इस बार मिठाई की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही। लड्डू, गुलाब जामुन, बर्फी, सोनपापड़ी, रसगुल्ला आदि की सबसे ज्यादा मांग रही। शहर के नामी दुकानों पर रविवार शाम को पैर रखने की भी जगह नहीं थी। जानकारों के मुताबिक करीब साढ़े 7 करोड़ का कारोबार हुआ है।
बिक गए चार करोड़ के बर्तन
धनतेरस पर बर्तनों के शोरूम में खूब रौनक रही। लोगों ने अपने पसंदीदा धातुओं तांबा, पीतल, कांसा और स्टील की बर्तनों की खूब खरीदारी की। 1890 रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक के डिनर सेट बाजार में उपलब्ध रहे। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरणजीव सिंह ने बताया कि दो दिनों में लगभग चार करोड़ के बर्तन बिके हैं।
ढाई करोड़ की पूजन सामग्री बिकी
शहर में पूजन सामग्री का कारोबार करीब ढाई करोड़ का रहा। इसमें देवी-देवताओं की मूर्तियां-फोटो, माता के पैर के छापे, खील-बतासे, रोली-मौली, चंदन आदि को लोगों ने खरीदा।