Dengue Attack : डेंगू की चपेट में पंजाब, अब तक आए 1000 मामले, पिछले साल के मुकाबले दोगुना
Dengue Attack : सूबे में अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 1000 से अधिक लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। पिछले साल अगस्त में सिर्फ 400 डेंगू के मामले सामने आए थे, जबकि इस साल इनकी संख्या दोगुनी होकर 800 दर्ज की जा चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के अधिकांश जिलों में डेंगू के मामले सामने आए हैं। सूबे में अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 1000 से अधिक लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। पिछले साल अगस्त में सिर्फ 400 डेंगू के मामले सामने आए थे, जबकि इस साल इनकी संख्या दोगुनी होकर 800 दर्ज की जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में सबसे चिंताजनक बात यह है कि वेक्टर जनित बीमारी से अब तक दो संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिलेवार मामलों के हिसाब से फतेहगढ़ साहिब 300 मामलों से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, इसके बाद फिरोजपुर (225), मोहाली में 106 और एसबीएस नगर 97 मामले सामने आ चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर में डेंगू के मामले बढ़ने की संभावना ज्यादा है।
अक्तूबर के मध्य तक इनके चरम पर पहुंचने की संभावना है। डेंगू को लेकर राज्य सरकार भी सुस्त दिखाई दे रही है। क्योंकि डेंगू को लेकर 11 विभागों के राज्य कार्य बल की पिछली बैठक मई में बुलाई गई थी। उसके बाद से एक भी बैठक नहीं बुलाई गई है। बैठक को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि बढ़ते मामलों को देखते हुए बैठक बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तिथि और स्थान तय होते ही बैठक का आयोजन किया जाएगा।
पिछले दशक के औसत से तीन गुना मामले
पिछले साल से किए जा रहे डेंगू परीक्षणों की संख्या पिछले दशक के औसत से लगभग तीन गुना है। अच्छी बात यह है कि पिछले दो वर्षों में कोविड के प्रकोप के कारण राज्य के स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे का बड़े पैमाने पर विस्तार हुआ है। जिसका लाभ सूबे के लोगों को मिल रहा है।
क्या होते हैं लक्षण
रोग के लक्षणों में 102 डिग्री से ऊपर उच्च श्रेणी का बुखार, सिरदर्द, आंखों में दर्द, शरीर में सामान्य दर्द, उल्टी, त्वचा पर चकत्ते शामिल हैं, जिनकी चिकित्सा विशेषज्ञों के जरिये सात से 10 दिनों तक निगरानी की जानी चाहिए।
ये बरतनी हैं सावधानियां
- पानी की टंकियों को हमेशा ठीक से ढक कर रखें
- कूलर से पानी निकाल दें। सप्ताह में एक बार साफ करें
- बुखार आने पर अपने खून की जांच अवश्य कराएं
- पूरी बाजू के कपड़े पहन कर ही घर से बाहर निकलें
इस वर्ष मामलों की संख्या निश्चित रूप से पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। आमतौर पर अगस्त में डेंगू के मामले मिलने लगते हैं, लेकिन इस साल मार्च में भी डेंगू के मामले सामने आए हैं। विभाग ने डेंगू बचाव को लेकर गाइड लाइन जारी कर दी है।
-रंजीत सिंह घोत्रा, निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, पंजाब