लॉकडाउन के बीच बड़ी वारदात, दिल्ली पुलिस के जवान और पड़ोसी की गोली मारकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र से गुजर रही मुंगेसपुर ड्रेन पर सोमवार की सुबह वत्स कॉलोनी निवासी दिल्ली पुलिसकर्मी और उसके पड़ोसी की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। दोहरे हत्याकांड के पीछे क्या कारण हैं और मारने वाले कौन थे, इसका अभी पता नही चल पाया है। सूचना मिलने पर डीएसपी अजायब सिंह, राहुल देव व लाइनपार थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
एफएसएल टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए वारदातस्थल पर बुलाया गया है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। कुछ व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मूलरूप से गांव खांडा व हाल वत्स कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय मनोज अपने पड़ोस में रहने वाले 52 वर्षीय रमेश के साथ प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी घूमने गया था।
सुबह करीब 7 बजे दोनों को मुंगेशपुर ड्रेन की पटरी पर अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे और इसकी खबर पुलिस को भी दी। बताया गया है कि मनोज दिल्ली पुलिस में है और विकासपुरी में तैनात था। जबकि रमेश लॉकडाउन से पहले फेरी कर कपड़े बेचता था।
रमेश के सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिल्ली पुलिसकर्मी मनोज के पेट के पास गोली लगी। वह जान बचाने के लिए मौके से भागा। बाद में उक्त पुलिसकर्मी ने अपने एक साथी को मदद को भी बुलाया। वह उसे स्कूटी पर बैठाकर इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा था तो रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस में भी हड़कंप मच गया। वारदातस्थल पर डीएसपी राहुल देव, डीएसपी अजायब सिंह, थाना लाइनपार प्रभारी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने खेतों में काम करने वाले व अन्य लोगों से जानकारी भी जुटाई। जानकारी के अनुसार हमलावर दो थे तो और बाइक पर सवार होकर आए थे। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले को लेकर गहन छानबीन में जुटे हुए हैं। आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरे तो नहीं लगे थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
दोनों शादीशुदा थे मरने वाले
दिल्ली पुलिसकर्मी मनोज शादीशुदा था। वह दो बेटों का पिता था। उसका पड़ोसी रमेश भी शादीशुदा था। उसके एक बेटा व एक बेटी है। उसके एक बेटे की काफी दिनों पहले किसी बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। रमेश के दोनों बच्चे अविवाहित है, जबकि पुलिसकर्मी मनोज के बेटे किशोर हैं।
दोनों शवों को नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया। सोमवार शाम तक तक शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। लाइनपार थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।