दिल्ली के चुनावी दंगल में भाजपा का प्रचार करेंगी बबीता फोगाट, पार्टी की तैयारियों पर कही ये बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वदेशी जागरण मंच द्वारा पुराना गवर्नमेंट कॉलेज के मैदान में आयोजित पांच दिवसीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ मुख्यातिथि व मेयर मेयर गौतम सरदाना ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुजवि के निदेशक प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रताप सिंह ने की। मुख्य वक्ता के रूप में मंच के अखिल भारतीय संगठन मंत्री कश्मीरी लाल ने भाग लिया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि व अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी बबीता फौगाट ने कहा कि आप बच्चियों को छुईमुई नहीं, बल्कि धाकड़ बनाएं। उन्होंने परिजनों से कहा कि वह अपने बच्चों को संघर्षशील बनाएं और अपने बच्चों पर विश्वास रखें, विशेषकर लड़कियों पर। लड़कियां घर से बाहर जाएं तो उन्हें हौसला दें, न कि कमजोर बनाएं।
बबीता ने कहा कि उनका भी उन्हीं के घर के कुछ सदस्यों ने घर से बाहर निकलने के लिए विरोध किया था, लेकिन माता-पिता की पूरी सपोर्ट मिली और आज यहां तक पहुंची। वहीं उन्होंने स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान आयोजकों की तरफ से बबीता को सम्मानित भी किया गया।
इससे पहले हवन के साथ मेले का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर अनिल गोयल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघ चालक पवन कौशिक, विजय शर्मा, सुनीता शर्मा, कपिल वत्स, मुकेश आर्य, गोकुलचंद नारंग, मीना सरोहा, रोहित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
दिल्ली चुनाव में भाजपा का प्रचार करेंगी दंगल गर्ल बबीता
दंगल गर्ल बबीता फौगाट दिल्ली चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगी। यह बात बबीता फौगाट ने पत्रकारों से बातचीत में कही। बबीता बुधवार को शहर के पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में भाग लेने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह सीधे दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
अभी अमित शाह की रैली है, उसमें भाग लेने जा रही हूं। दिल्ली चुनाव में भाजपा की स्थिति पर उन्होंने कहा कि पार्टी की तैयारियां अच्छी चल रही हैं। देश में खेल सुविधाओं पर उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारें खेलों व खिलाड़ियों के लिए बहुत कुछ कर रही हैं। खेलो इंडिया के माध्यम से कैडेट स्तर के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं ओलंपिक में चयनित खिलाड़ियों को भी पूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे ओलंपिक में बढ़िया प्रदर्शन करें।