पंजाब: एक सप्ताह बाद भी यू्क्रेन से नहीं पहुंचा चंदन का शव, बिलखती मां बोली- सरकार एक बार मेरे लाल को दिखा दे
डिप्टी कमिश्नर कुमार सौरभ राज ने बताया कि विदेश मंत्रालय को पत्र जारी कर चंदन जिंदल का शव जल्द भारत लाने का आग्रह किया गया है। जल्द ही चंदन जिंदल के शव को भारत लाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रूस व यूक्रेन युद्ध के बीच ब्रेन हैमरेज के कारण सही इलाज न मिलने पर अपनी जान गंवाने वाले शहर के चंदन जिंदल का परिवार सदमे में हैं। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी आंखों को अपने इकलौते बेटे को अंतिम बार देखने का इंतजार है। मां ने प्रशासन व भारत सरकार से मांग की है कि जीवित तो मेरा चिराग वापस नहीं आ सका, अब मेरे बुझे चिराग की एक झलक ही सरकार दिखा दे। उसका शव जल्द ला दे।
वह अंतिम बार तो अपने लाल को देख ले। यह कहते हुए मां फिर रोने लगती है। माता किरन जिंदल व बहन रशिमा जिंदल ने प्रशासन से गुहार लगाते कहा कि कोई तो चंदन का चेहरा दिखा दो। मृतक चंदन जिंदल के पिता यूक्रेन से सही सलामत बरनाला लौट आए हैं। मृतक चंदन जिंदल के पिता पूर्व फार्मेसी अफसर शीशन जिंदल, माता किरन जिंदल व बहन रशिमा जिंदल ने भरे मन से कहा कि यदि उन्हें पता होता कि यूक्रेन में ऐसे युद्ध के हालात बनेंगे तो वह अपने आंखों के तारे इकलौते चिराग को कभी विदेश पढ़ाई न भेजते।
यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले विगत 11 दिनों से लगातार जारी हैं। यूक्रेन में फंसे भारतीय घर लौटने व इस युद्ध के रोकने की प्रार्थनाएं कर रहे हैं। दूसरी तरफ इन भारतीयों के परिजन भी अपने बच्चों व अपने संबंधियों को सकुशल लाने की सरकार से मांग कर रहे हैं। यूक्रेन एमबीबीएस की शिक्षा हासिल करने गए चंदन जिंदल को 02 फरवरी 2022 को ब्रेन हैमरेज का अटैक आया व उसकी वहां देखभाल के लिए उसके पिता शीशन जिंदल व उसके ताया कृष्ण जिदल गए थे।
यूक्रेन के जंग के हालात के बीच चंदन जिंदल को बेहतर उपचार मुहैया नहीं हुआ, जिस कारण उसकी एक मार्च 2022 को मौत हो गई थी। चंदन जिंदल के पिता रविवार को यूक्रेन से सलामत बरनाला लौट आए हैं, किंतु परिवार अब भी अपने खो चुके बेटे चंदन जिंदल के शव को अंतिम बार देखने को तरस रहा है।
पूर्व कांग्रेस विधायक केवल ढिल्लों पहुंचे चंदन जिंदल के घर
बरनाला के पूर्व कांग्रेस विधायक केवल ढिल्लों मृतक चंदन जिंदल के घर उसके परिजनों से दुख साझा करने पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जाहिर किया। केवल ढिल्लों ने सरकार से मांग की है कि जल्द मृतक चंदन जिंदल का शव भारत लाने के प्रयास किए जाएं।