‘पापा मैं सुसाइड कर रहा हूं, मुझे माफ करना’
पापा में सुसाइड कर रहा हूं। मुझे माफ करना, लेकिन पिता बार-बार बेटे को सुसाइड करने से मना करता रहा। ऐसा कहते हुए 27 वर्षीय युवक ने अपनी मंगेतर के चंडीगढ़ में किशनगढ़ स्थित घर पर मंगलवार रात तीन बजे फंदा लगा लिया।
मंगेतर बार-बार रोहित को फोन करती रही, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। उसने अपने जानकर युवक को घर भेजा तो वह फंदे से लटक रहा था। रोहित द्वारा सुसाइड की जानकारी मिलते ही प्रेमिका ड्यूटी से घर आई और पुलिस को मामले की सूचना दी। मनीमाजरा थाना पुलिस ने रोहित के शव को सेक्टर-16 जनरल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
रोहित शिमला के ओबराय होटल में काम करता था और वह मूल रुप से सोलन का रहने वाला था। छह महीने पहले ही रोहित ने आईटी पार्क स्थित ललित होटल में नौकरी छोड़कर ओबराय होटल में काम शुरू किया था। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। मनीमाजरा थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मंगेतर ने पुलिस को दी सूचना
किशनगढ़ निवासी कामिनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 वर्षीय रोहित होटल के काम से जयपुर गया हुआ था। मंगलवार शाम को जयपुर से आकर सीधा कमरे पर रुक गया। रात को वह ललित होटल में ड्यूटी पर चली गई।
घर पर रोहित अकेला था। रोहित काफी देर से फोन नहीं उठा रहा था। रोहित को देखने के लिए पड़ोस के युवक को फोन पर कहा तो उसने बताया कि रोहित ने फंदा लगा रखा है। वह सीधी कमरे पर आई और पुलिस को सूचित किया।
उन्होंने पुलिस को बताया कि रोहित रात को बिल्कुल खुश था। पहले रोहित और वह इकट्ठे ही ललित होटल में काम करते थे। वहीं पर उनके बीच प्यार हुआ और फिर रिश्ता हो गया था।
छह महीने पहले रोहित ने नौकरी होटल ललित से छोड़कर शिमला के ओबराय होटल में ज्वाइन की थी। पुलिस पता करने में लगी है कि आखिरकार रोहित ने आत्महत्या क्यों की है।