Charkhi Dadri News: जमीन हड़पने की मंशा से युवक का अपहरण कर दुकान ढहाई, पिटाई और यौन शोषण का आरोप
शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि उन्हें कई दिनों से परेशान किया जा रहा है। दूसरी ओर उनकी जमीन पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। महिला का कहना है कि इस घटना से पहले भी उसके दोनों बेटों को परेशान किया गया।
विस्तार
हरियाणा के चरखी दादरी में जमीन हड़पने की मंशा से एक युवक का अपहरण कर मारपीट, लूटपाट व यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अपहरण के बाद युवक की दुकान भी ढहा दी। इसका मकसद दुकान वाली जगह पर कब्जा करना था। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल युवक की मां की शिकायत पर बाढड़ा थाना पुलिस ने दो नामजद समेत 50 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में क्षेत्र निवासी एक महिला ने बताया कि उसका बेटा 21 अक्तूबर की रात दुकान में सो रहा था। उसी दौरान वहां ज्ञानवीर और लीलू करीब 50 लोगों के साथ जेसीबी और पिकअप लेकर पहुंचे। वो दुकान में सो रहे युवक को कंबल में दबोच कर अपने साथ ले गए और हंसावास खुर्द के समीप उसे पीटा।
शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि वहां उसके बेटे के साथ मारपीट की गई और उस पर पिस्तौल तानकर जबरन कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए गए और आरोपियों ने यौन शोषण भी किया। महिला का आरोप है कि इसके बाद रात को ही आरोपियों ने उनकी दुकान गिरा दी।
कई दिनों से किया जा रहा परेशान
शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि उन्हें कई दिनों से परेशान किया जा रहा है। दूसरी ओर उनकी जमीन पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। महिला का कहना है कि इस घटना से पहले भी उसके दोनों बेटों को परेशान किया गया।
इस संबंध में पुलिस ने ज्ञानवीर और लीलू समेत 50 अन्य पर धारा 120-बी, 147, 149, 323, 365, 427, 506 व 379-बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जगजीत सिंह, एएसआई, बाढड़ा थाना।