हरियाणा में कुश्ती खिलाड़ी का अपहरण, 17 हजार लूटे, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहतक के करौंथा गांव से कुश्ती खिलाड़ी का 12 से अधिक युवकों ने अपहरण कर लिया। इस दौरान विरोध करने पर उसके दादा के साथ मारपीट की गई। साथ ही 17 हजार रुपये भी लूट लिए गए। सूचना मिलने पर परिजनों ने खिलाड़ी को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं परिजनों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।
परिजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत दी। बाद में पुलिस ने चार नामजद समेत 12 से अधिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। करौंथा गांव निवासी कमल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार रात वह अपने पोते कुश्ती खिलाड़ी सुमित के साथ खेतों की तरफ घूमने के लिए जा रहे थे। इस दौरान शिमली और आसपास क्षेत्र के 12 से अधिक युवक पिस्तौल, लाठी डंडों से लैस होकर पहुंचे और सुमित के साथ गाली गलौज करने लगे।
इस दौरान आरोपियों ने कहा कि सुमित को गांव में कुश्ती करवाना सिखायेंगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त युवकों ने कमल सिंह के साथ भी मारपीट की और सुमित का अपहरण कर ले गए। आरोप है कि शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस से मामले की शिकायत की गई पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को एसपी कार्यालय पर पहुंचकर परिजनों ने मामले की शिकायत की। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कॉल रिसीव नहीं कर रहा सुमित
कमल सिंह का कहना है कि वह 50 से अधिक बार सुमित के मोबाइल पर कॉल कर चुके हैं। मगर वह कॉल रिसीव नहीं कर रहा है। एसपी से पोते को जल्द से जल्द बरामद कराने की भी गुहार लगाई।
एक माह पूर्व दंगल के दौरान हो गया था झगड़ा
सुमित के पिता हरबीर ने बताया कि एक माह पहले सुमित ने गांव में ही दंगल कराया था। सुमित के दंगल कराने को लेकर विपक्षी नाखुश थे। दंगल वाले दिन ही सुमित के साथ विपक्षियों का झगड़ा हो गया था। उस समय लोगों ने मामला शांत करा दिया था। इसी झगड़े की रंजिश में अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने जल्द सुमित को बरामद करने का दावा किया है।
इनके खिलाफ दर्ज किया गया केस
शिमली के योगेश, रवि, अंकुर, दीपक और 8-9 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
आरोपियों के शादी समारोह में हवाई फायरिंग करने का दावा
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को एक वीडियो सौंपा है। इसमें आरोपी किसी शादी समारोह में हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है।