महिला ने थाने आकर खाया जहर, परिजनों का आरोप- एसएचओ ने नहीं दी जिप्सी, बाइक पर ले गए अस्पताल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसपी को शिकायत देने के 20 दिन बाद भी केस दर्ज न करने पर महिला ने जठलाना थाना में जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए और इधर-उधर भागने लगे। परिजनों ने युवती को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर भड़के परिजनों ने देर रात तक अस्पताल के बाहर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
महिला के परिजनों का आरोप है कि एक व्यक्ति ने उनकी बेटी को तलाक दिलाने व शादी करने का झांसा देकर अगवा किया। कई दिन तक अपने साथ रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत एसपी को दी। एसपी ने जठलाना थाना पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए लेकिन फिर भी पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज नहीं किया, जिससे आहत होकर महिला ने थाने पहुंच यह कदम उठाया।
गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय भतीजी की शादी करीब चार वर्ष पहले एक गांव में हुई थी। शादी के बाद अभी तक उसे कोई संतान पैदा नहीं हुई। जिस बात को लेकर घर में झगड़ा रहता था। 10 मई को एक गांव निवासी व्यक्ति उसकी भतीजी को तलाक दिलवाने व उसके साथ शादी करने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। आरोपी उसकी भतीजी को पहले बद्दी, फिर हिमाचल प्रदेश व उसके बाद लखनऊ ले गया। इस दौरान उसकी भतीजी के साथ गलत कार्य किया।
आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ सूंघा उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बनाई। 25 जुलाई को आरोपी उसे उसके घर छोड़ दिया। आरोप है कि जब उसने आरोपी से बातचीत की तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने इसकी शिकायत 13 अगस्त को एसपी को दी। एसपी ने जठलाना थाना पुलिस को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए और उसे जठलाना थाना पुलिस से मिलने की बात कही।
17 अगस्त को जठलाना थाना में एक महिला पुलिस कर्मी ने उसके बयान लिए लेकिन उसके बाद भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया। सोमवार को पीड़ित महिला व उसके परिजन मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई, थाने में पता करने के लिए आए थे। लेकिन जब महिला को पता चला कि इस मामले में पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की, तो उसने थाने के अंदर ही कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया।
एसएचओ ने नहीं दी जिप्सी, बाइक पर ले गए अस्पताल
परिजनों ने बताया कि महिला के जहरीला पदार्थ खाने के बाद पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस इधर उधर हो गई। यहां तक की एसएचओ ने भी युवती को अस्पताल पहुंचाने के लिए जिप्सी नहीं दी। वे खुद ही बाइक पर बिठाकर उसे अस्पताल ले गए।
पहले से शादीशुदा है दोनों
आरोपी व्यक्ति पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि महिला को अगवा करने के बाद युवक ने उसे कई राज्यों में घुमाया। पैसे खत्म होने के बाद वह उसे अपने घर ले गया। जहां उसकी पहली पत्नी थी। बताया जा रहा है कि यहां उसकी पत्नी के साथ ही महिला रही। कई दिन साथ रहने के बाद आरोपी ने उसे छोड़ दिया।
एक माह से भटक रहे, कार्रवाई न होने पर उठाया कदम
पीड़ित महिला के परिजनों ने बताया कि आरोपी युवक ने उनकी बेटी को गुमराह कर साजिश के तहत अगवा किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। कई दिन तक उसके साथ संबंध बनाए और बाद में उसे छोड़ दिया। पुलिस को उन्होंने शिकायत दी। लेकिन कार्रवाई नहीं की। कार्रवाई न होने पर एसपी को शिकायत दी।
एसपी ने शिकायत को जठलाना थाना पुलिस को मार्क कर उन्हें जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। लेकिन एसपी को शिकायत देने के 20 दिन बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिससे परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया।
मामले में महिला थाने पुलिस द्वारा महिला के बयान लिए हुए है। महिला थाना पुलिस ही इस मामले में कार्रवाई कर रहीं है। केस दर्ज करने संबंधित कार्रवाई महिला थाना पुलिस द्वारा ही की जाएगी। इसके लिए अलावा जहां तक महिला के जहरीला पदार्थ खाने के मामले में कार्रवाई की बात है, अभी तक पुलिस को किसी परिजन ने बयान नहीं दिए है। बयान लेने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। - एसआई चंद्रपाल, एडिशनल एसएचओ, थाना जठलाना।
मामले में पुलिस ने अभी तक केस दर्ज क्यों नहीं किया। इसकी जांच की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मी पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -कुलदीप सिंह, एसपी।