सोनीपत: पिकअप गाड़ी का फटा टायर बदल रहे दो युवकों की ट्रक से कुचलकर मौत, तीसरा साथी बाल-बाल बचा
यूपी के शामली जिले की कंदला मंडी से दो पिकअप में आम लेकर चार युवक लौट रहे थे। एक पिकअप का टायर फट गया। उसे बदलते वक्त ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
रोहतक-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोहाना बाईपास के पास ट्रक ने आम से भरी पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के नीचे कुचलने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक साथी बाल-बाल बच गया। हादसा तब हुआ जब दोनों युवक अपने साथी के साथ मिलकर पिकअप गाड़ी का फटा टायर बदल रहे थे।
इस दौरान उन्होंने सड़क पर सांकेतिक झाड़ियां रखने के साथ एक साथी को टार्च लेकर लोगों को इशारा देने को खड़ा कर रखा था। उसके बावजूद ट्रक चालक ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पहुंची शहर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया और ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज लिया।
भिवानी जिले के गांव नंगला निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि 9 जुलाई को वह और उसके गांव का संजय व जगदीप तथा दादरी जिले के गांव जीतपुरा का सोमबीर दो पिकअप गाड़ियों में आम लेने यूपी के शामली स्थित कंदला मंडी में गए थे। वह गाड़ियों मे आम भरकर 10 जुलाई की शाम को कंदला मंडी से भिवानी को चल पड़े।
रात को वह पानीपत में एक ढाबे पर रुक गए थे। इसके बाद रविवार तड़के ढाबे से भिवानी को चले। प्रदीप ने बताया कि जब सुबह करीब पांच बजे रोहतक-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे तो उसकी पिकअप गाड़ी का एक टायर फट गया। गाड़ी में लोड होने के कारण वह सड़क पर ही रुक गई। इस पर जगदीप ने भी अपनी गाड़ी साइड में रोक ली।
प्रदीप ने बताया कि टायर फटने के बाद गाड़ी सड़क पर खड़ी होने के चलते उसने उसके डीपर जला दिए। इसके साथ ही गाड़ी के पीछे संकेत के लिए झाड़िया रख दी। यही नहीं वह खुद गाड़ी से 50 मीटर पीछे टार्च लेकर खड़ा हो गया और अन्य गाड़ियों को दूसरी साइड से जाने का इशारा करने लगा।
इस दौरान संजय, सोमबीर व जगदीप पिकअप का टायर बदलने लगे। उसी समय पीछे से एक ट्रक आया और उसके इशारा करने के बावजूद उसने पिकअप को सीधी टक्कर मार दी। इससे पिकअप गाड़ी पलट गई और संजय व सोमबीर की कुचलने से मौत हो गई।
जबकि जगदीप बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने प्रदीप के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा। पुलिस ने अब ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ट्रक की टक्कर से पिकअप का टायर बदल रहे दो युवकों की हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने उनके साथी चालक के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिटी गोहाना।