CMS लूटकांड: दो और आरोपी काबू, 18 लाख रुपये बरामद, नौ आरोपियों का रिमांड दो दिन बढ़ा
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने लूट के पैसे चोरी करने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस अभी तक इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और आगे भी पुलिस की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लुधियाना में सीएमएस कंपनी के दफ्तर में साढ़े आठ करोड़ की लूट मामले में कमिश्नरेट पुलिस को लगातार सफलता मिलती जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लूट के पैसे चोरी करने वाले नीरज कुमार के साथी हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो-दो लाख रुपये बरामद किए हैं। जबकि रिमांड पर चल रहे आरोपी अभि के घर से पुलिस को 14 लाख रुपये और मिले हैं।
कुल 18 लाख रुपये बरामद करने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में अब तक सात करोड़ 14 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों की पहचान बरनाला के सेखा रोड निवासी पवन कुमार जोली और बरनाला के झंडे वाला रोड निवासी दमनप्रीत सिंह अमनी के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से हुई पूछताछ के बाद इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने लूट के पैसे चोरी करने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस अभी तक इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और आगे भी पुलिस की जांच जारी है।
तालाब में फेंके थे डीवीआर
करोड़ों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद इस मामले की मुख्य आरोपी मंदीप कौर मोना काफी शातिर है। उसने सीएमएस कंपनी के दफ्तर से जाते समय डीवीआर भी उठा लिए थे और घर के पास बने तालाब में डीवीआर फेंक दिया था। कमिश्नरेट पुलिस ने जब मोना से पूछताछ की तो इसका खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस की एक टीम मोना को उसके घर बरनाला भी ले गई। साथ ही जसविंदर को भी ले जाया गया। घर में तलाशी ली गई लेकिन डीवीआर नहीं मिले तो पता चला कि डीवीआर तालाब में हैं। इसके बाद गोताखोरों की मदद से तालाब को छाना गया और पांच डीवीआर बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
दोनों मुख्य आरोपियों समेत नौ आरोपियों को अदालत में किया पेश
लूटकांड को अंजाम देने में मुख्य भूमिका निभाने वाली डाकू हसीना मंदीप कौर उर्फ मोना और मनजिंदर सिंह मनी समेत नौ आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया। पुलिस मंदीप कौर मोना, मनजिंदर सिंह मनी, जसविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, मंदीप सिंह विक्की, हरविंदर सिंह लंबू, परमजीत सिंह पम्मा, नरिंदर सिंह हैप्पी, गौरव उर्फ गुलशन को अदालत में लेकर पहुंची।
सभी को न्यायाधीश कमल अग्रवाल की अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी दी और उसके बाद पुलिस ने आरोपियों का सात दिन का रिमांड मांगा। आरोपियों के वकील ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब आरोपियों को 23 जून अदालत में पेश करेगी।
उधर, इस मामले में रिमांड पर चल रहे बाकी के सात आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जोली ओर अमनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उन्हें भी अदालत में पेश करेगी। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने एक बार फिर कंपनी अधिकारियों से पूछताछ की है ताकि वास्तविक नकदी का पता लगाया जा सके।