बड़ा खुलासाः केंद्रीय जेल में हेड कांस्टेबल करते थे ड्रग्स सप्लाई, इस तरह आए गिरफ्त में...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटियाला केंद्रीय जेल में जेल कर्मचारियों द्वारा ही कैदियों को ड्रग्स सप्लाई करने का खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जेल में तैनात दो हेड कांस्टेबलों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि यह दोनों हेड कांस्टेबल पैसे लेकर नशा तस्करों के जेल में बंद साथियों को नशा सप्लाई करते थे।
एसपी (डी) हरमीत सिंह हुंदल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी हेड कांस्टेबलों को अदालत में पेश करके इनका पुलिस रिमांड लिया जाएगा। जिससे मामले में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं।
एसपी हुंदल ने बताया कि थाना सदर समाना पुलिस ने 9 अप्रैल को धर्महेडी के रहने वाले विश्व अमन नाम के एक व्यक्ति को 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ केस दर्ज करके जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पकड़ी गई हेरोइन उसने पटियाला जेल में बंद अपने साथी कैदी सतनाम सिंह को सप्लाई करनी थी।
यह हेरोइन जेल के दो हेड कांस्टेबलों सुरजीत सिंह मवी और हरजिंदर सिंह के जरिए कैदी को सप्लाई की जानी थी। आरोपी विश्व अमन ने पुलिस को बताया कि दोनों हेड कांस्टेबल उनके साथ मिले हुए हैं और पैसे लेकर जेल में बंद उसके साथियों को ड्रग्स सप्लाई करते हैं। बताया कि वह तीन बार जेल में नशे की सप्लाई कर चुका है।
इस खुलासे के बाद पटियाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी हेड कांस्टेबलों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने बताया कि तस्कर की गिरफ्तारी और आरोपी हेड कांस्टेबलों तक पहुंचने वाली इस टीम को डीजीपी की ओर से पुरस्कार के तौर पर 20 हजार रुपये देने का एलान किया गया है।