बठिंडा में प्याज से भरे ट्रक को लूटने की कोशिश, ड्राइवर को उतारा मौत के घाट
बादल रोड स्थित नन्हीं छां चौक पर रात को प्याज से भरे एक ट्रक को लूटने की कोशिश में लुटेरों ने ड्राइवर का कत्ल कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक मालिक बिंदर सिंह निवासी बरनाला ने बताया कि वह नासिक से 30 टन प्याज भरकर लाया था। उसके साथ उसका ड्राइवर बनवारी लाल (25) निवासी गंगानगर भी था।
दिन में बिंदर ट्रक चलाता था जबकि रात में उसका सहायक ड्राइवर ट्रक चलाता था। रात लगभग 3 बजे डबवाली की ओर से ट्रक जैसे ही रामपुरा को जाने के लिए निकला तो नन्हीं छांव चौक से पहले बनवारी लाल ने गाड़ी रोकर चाय पी और फिर रामपुरा की ओर चल पड़ा। थोड़ी दूरी पर ही एक खाली ट्रक, जिसमें तीन लोग सवार थे, ने आकर उनका रास्ता रोक लिया और ड्राइवर को नीचे उतरने के लिए कहा।
जैसे ही ड्राइवर ने शीशा खोला तो उन्हें आरोपियों ने किरच मारी। वह सो रहा था। खून से लथपथ बनवारी लाल ने उसे जगाया और कहा कि ट्रक लूटा जा रहा है। इतना सुनते ही बिंदर ने ड्राइवर को पीछे हटाकर तेजी से गाड़ी भगा ली और पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर दिया। मालिक खुद भी ट्रक लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां ड्राइवर बनवारी लाल की मौत हो गई।
वहीं सूचना मिलते ही एसपी जांच जीएस संघा और डीएसपी गुरजीत सिंह रोमाणा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस मामले को संदिग्ध भी मान रही है क्योंकि ट्रक में 30 टन प्याज भरा था, जबकि दूसरा ट्रक खाली था। भरा ट्रक खाली ट्रक से कैसे तेज भाग सकता है पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। एसपी संघा ने बताया कि पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक ड्राइवर के परिजनों को सूचित कर दिया है और पोस्टमार्टम के बाद लाश परिजनों को सौंप दी जाएगी।