अमृतसर में दो मिनट में 15 लाख की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमृतसर के पाश एरिया माल रोड स्थित एक मॉल में अज्ञात लुटेरों ने बुधवार शाम चार बजे कर्नाटका बैंक में कैश जमा करवाने जा रहे स्वानी मोटर्स के कर्मचारी राजेश कुमार की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर 15 लाख 56 हजार 360 रुपये लूट लिए।
यह बैंक शाखा अवैंचरे मॉल की इमारत में पहली मंजिल पर स्थित है। राजेश अभी सीढ़ियां चढ़कर जा रहा था कि ऊपर से आ रहे एक लुटेरे ने हाथ में पकड़े मिर्ची पाउडर को उसके चेहरे पर फेंका और तभी किसी ने पीछे से रुपयों वाला बैग झपटा और दोनों गायब हो गए।
लुटेरे के बारे में में किसी को भनक तक नहीं लगी। वहीं लूट की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। राजेश कुमार हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और स्वानी मोटर्स में पिछले 15 सालों से काम करता है।
हाथ से बैग छीना और भागे
स्वानी मोटर्स कारों का शोरूम है। यहां पर हर रोज होने वाली सेल के पैसों को शाम के समय बैंक में जमा करवा दिया जाता है। राजेश पुराना व्यक्ति होने के कारण कंपनी का विश्वासपात्र कर्मचारी है और हर रोज वह ही बैंक में पैसे जमा करवाने के लिए आता है। बुधवार शाम को भी वह शोरूम से कैश एक बैग में भरकर लाया।
उसने अपना मोटरसाइकिल पार्किंग में खड़ा कर दिया। इसके बाद वह मॉल के अंदर जाने लगा। बैंक पहली मंजिल पर है और राजेश सीढ़ियां चढ़कर जा रहा था। अभी वह कुछ ही स्टेप ऊपर चढ़ा था कि आगे से नीचे उतर रहे लुटेरे ने मिर्ची पाउडर सीधा उसकी आंखों में फेंका।
इसी दौरान लुटेरे ने उसके हाथ से बैग छीना और भाग निकले। आसपास के लोगों ने राजेश को तड़पते हुए देखकर पानी दिया और मुंह धुलवाया। इस दौरान राजेश ने पुलिस को सूचित किया गया। खुद पुलिस कमिश्नर फोर्स के साथ पहुंचे और पूरी घटना का जायजा लिया।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि राजेश कुमार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरे शहर में वायरलेस भी करवा दी गई है। शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों की अच्छी तरह से चेकिंग की जा रही है। पुलिस पार्टियों को भी विभिन्न स्थानों की ओर भेज दिया है।