खौफनाक वारदात: घर नाम नहीं किया तो बेटे ने मां-बाप और बड़े भाई की कर दी हत्या, सभी को गोलियां से भूना
पंजाब के जालंधर में बेटे ने अपने माता-पिता और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना जालंधर के लांबड़ा थाने के टावर इन्क्लेव की है। बेटे ने सभी की हत्या गोली मारकर की है। कातिल बेटे ने घर नाम न लिखने पर वारदात को अंजाम दिया।
विस्तार
जालंधर ग्रामीण के लांबड़ा थाना के अधीन टावर इन्क्लेव में पारिवारिक विवाद में एक युवक ने अपने मां-बाप व भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम दोपहर 2-3 बजे के बीच दिया गया लेकिन इसका पता गुरुवार देर रात चला। सूचना पाकर देर रात एसएसपी (ग्रामीण) मुखविंदर सिंह भुल्लर, डीएसपी करतारपुर बलवीर सिंह व थाना प्रभारी रमन कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। हत्यारोपी ने लाइसेंसी हथियार का वारदात में इस्तेमाल किया है। पुलिस ने आरोपी को नाकेबंदी कर काबू कर लिया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि हत्यारोपी अपने माता-पिता पर कोठी नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी बात पर विवाद चल रहा था। मामला कुछ समय पहले लांबड़ा थाने भी पहुंचा था। इस पर राजीनामा हो गया था।
जंडियाला के निकट रहने वाला जगबीर सिंह (52) दो साल पहले ही परिवार समेत टावर इन्क्लेव में शिफ्ट हुआ था। यहां उसने 10 मरले में छोटा मकान तैयार किया था। जगबीर सिंह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसका बड़ा बेटा 32 साल का गगनदीप सिंह कुंवारा था। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। इसलिए उसकी शादी नहीं की। जबकि छोटा बेटा हरप्रीत सिंह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं।
हरप्रीत सिंह अपने पिता जगबीर सिंह व मां अमृतपाल कौर पर मकान उसके नाम पर लिखने का दबाव बना रहा था लेकिन मगर मां-बाप राजी नहीं थे। गुरुवार को हरप्रीत सिंह की पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थी। बाद में पिता और पुत्र में विवाद हो गया। हरप्रीत सिंह ने दोनाली बंदूक से पिता को पांच गोलियां मारीं। इस बीच मां अमृतपाल कौर व भाई गगनदीप बचाने पहुंचे तो हरप्रीत ने उन्हें भी गोलियां मारीं। वारदात के बाद चुपचाप कोठी पर ताला लगाकर स्कूटी से फरार हो गया। गुरुवार रात सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मकान को खुलवाया तो अंदर तीनों के शव पड़े थे। पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी हरप्रीत सिंह को काबू कर लिया है।