राखी बंधवाने जा रहे तीन लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमलोह गोबिंदगढ़ मार्ग पर शनिवार सुबह गांव सलाणी के पास असंतुलित कार के पेड़ से टकराने पर कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। सभी लोग राखी बांधने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। वहीं हादसे से कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अमलोह के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे मनप्रीत सिंह अपनी पत्नी गगनप्रीत कौर, बेटे हरजोत सिंह, भाभी गुरमीत कौर पत्नी हरदीप सिंह व समरप्रीत और दमनप्रीत कौर के साथ आई-20 कार नंबर पी.बी. 23 एन.8885 में गांव हिम्मसगढ़ से तलवाड़ा रिश्तेदार के घर राखी बांधने जा रहे थे। गांव सलाणी के पास कार के सामने एक मोटरसाइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई।
कार सवार तीन लोग घायल, सिविल अस्पताल में भरती
हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार चालक मनप्रीत सिंह पुत्र अजीत सिंह (25), गुरमीत कौर पत्नी हरदीप सिंह (30) और हरजोत सिंह पुत्र मनप्रीत सिंह (1) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गगनप्रीत कौर पत्नी मनप्रीत सिंह (25), गुरमीत के बेटे समरप्रीत सिंह (03) और बेटी दमनप्रीत कौर (07) जख्मी हो गए।
गगनप्रीत कौर को घायल अवस्था में डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार गुरमीत कौर गगनप्रीत कौर की सगी बहन थी और उसका पति पंजाब से बाहर गया हुआ है, इसी कारण मृतकों का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। थानेदार अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।