पंजाब: धार्मिक स्थलों का सौहार्द बिगाड़ने वाले तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ा, दो हैंड ग्रेनेड, पिस्तौल व कारतूस मिले
धार्मिक स्थलों का सौहार्द बिगाड़ने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को मोगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो ग्रेनेड, 29 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन और 18 कारतूस मिले हैं। यह जानकारी मोगा के एसएसपी चरणजीत सिंह सोहल ने दी।
विस्तार
स्पेशल ब्रांच मोगा पुलिस ने नाका तोड़कर भाग रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से मौके पर पुलिस ने दो हैंड ग्रेनेड, दो पिस्तौल और 18 कारतूस बरामद किए हैं। तीनों आरोपी कनाडा में बैठे ‘ए’ कैटेगिरी के गैंगस्टर अर्श डाला उर्फ अर्शदीप के संपर्क में थे। गैंगस्टर अर्श डाला के कहने पर पैसों के लालच में तीनों आरोपी आगामी दिनों में उक्त दोनों हैंड ग्रेनेड से किसी धार्मिक स्थल पर धमाका करने की फिराक में थे।
तीनों के खिलाफ थाना मेहना में हत्या के प्रयास की धारा समेत असलाह एक्ट और विस्फोटक एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी चरनजीत सिंह सोहल ने बताया कि स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर गुरतेज सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ गांव मेहना के निकट ड्रेन के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान गांव चुगावां की ओर से एक काले रंग की गाड़ी को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो कार सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और बैरिकेड तोड़ दिया।
इस दौरान पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को रोक लिया तो तीनों ने पुलिस पार्टी पर दो पिस्तौल तान दिए और एक आरोपी ने गाड़ी में रखे दो हैंड ग्रेनेड पुलिस टीम पर फेंकने की धमकी दे डाली। इस पर पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी से आरोपियों को काबू कर लिया। इनकी पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी शादीवाला कोटइसे खां, वरिंदर सिंह उर्फ विंदा निवासी मक्खू जिला फिरोजपुर और बलजीत सिंह निवासी फतेहगढ़ पंजतूर के रूप में हुई है।
आरोपी गुरप्रीत गोपी से पुलिस ने एक पिस्तौल समेत छह कारतूस, वरिंदर सिंह विंदा से एक पिस्तौल समेत 12 कारतूस और आरोपी बलजीत सिंह से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि तीनों आरोपी कनाडा में बैठे ‘ए’ कैटेगिरी के गैंगस्टर अर्श डाला उर्फ अर्शदीप के लगातार संपर्क में थे। उसी के कहने पर तीनों आरोपी आगामी दिनों में उक्त दोनों हैंड ग्रेनेड से किसी धार्मिक स्थल पर धमाका करने की फिराक में थे।
वहीं पुराना पुलिस रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला है कि आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ थाना भिखीविंड (तरनतारन) में 22 सितंबर 2021 को हत्या के प्रयास, असलहा एक्ट और विस्फोटक एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी भगोड़ा चल रहा है। एक वर्ष पहले तरनतारन जिले में मिले टिफिन बम मामले में आरोपी को नामजद किया गया था।
Punjab | 3 members of a gang involved in disturbing the harmony of religious places arrested by the Moga Police; 2 grenades, 2 9mm pistols, 1 magazine, & 18 live cartridges have been recovered: Ludhiana Rural SSP Charanjit Singh Sohal
— ANI (@ANI) January 7, 2022