चंडीगढ़ में निशाने पर अधिकारी: तरनतारन के डीसी के घर लाखों की चोरी, दंपती के हैदराबाद से लौटने पर हुआ खुलासा
27 जून को पटियाला की डीसी आईएएस साक्षी साहनी की सेक्टर-7 स्थित सरकारी कोठी से गहने और दो लाख रुपये की नकदी चोरी हुई थी। आरोपियों का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित पटियाला की डीसी के घर में हुई चोरी का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि चोर पास ही स्थित एक अन्य आईएएस अधिकारी के घर से लाखों के गहने ले उड़े। शहर के वीवीआईपी इलाके एक के बाद एक चोरी की वारदात से पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जीएमएसएच-16 में कार्यरत चिकित्सा अधिकारी डॉ. मृणालिनी ने बताया कि उनके पति आईएएस मूनेश कुमार पंजाब के तरनतारन जिले के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) हैं। वह अपने पति के साथ बीते दिनों हैदराबाद गईं थीं। 24 जुलाई दोपहर दो बजे वापस लौटीं तो चंडीगढ़ एयरपोर्ट से ड्राइवर संदीप को फोन किया। इस दौरान संदीप ने बताया कि घर के लकड़ी के गेट के सेफ्टी लॉक टूटे थे। जब वह घर के अंदर गया तो फर्स्ट फ्लोर पर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
अंदर स्टील की अलमारी टूटी हुई थी, जिसका लॉकर भी टूटा हुआ था। डॉ. मृणालिनी ने बताया कि अलमारी में गहनों से भरा बैग गायब था जिसमें से हीरे, सोने और चांदी के गहने रखे थे। बताया कि चोर गहनों से भरा बैग ले गए हैं। पुलिस चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
ये गहने हुए चोरी
हीरे और सोने के सात किट्टी सेट (वजन 30-40 ग्राम प्रत्येक), सोने की 10 चेन (वजह लगभग 10 से 20 ग्राम), सोने और हीरे के 12 रिंग (वजन लगभग 10-15 ग्राम प्रत्येक), हीरे की तीन चूड़ियां, सोने का कड़ा (30-40 ग्राम वजन), सोने की चार चूड़ियां, (एक से डेढ़ तोला प्रत्येक), 4 घड़ियां, 15 से 20 चांदी के सिक्के, 6 सोने के सिक्के (10 ग्राम प्रत्येक) है। हीरे का मंगलसूत्र (लगभग 20 ग्राम), तीन हीरे की रिंग, सोने की चेन और गोल्ड डायमंड पुखराज।
27 जून को पटियाला की डीसी के घर चोरी करने वाले भी पकड़ से दूर
27 जून को पटियाला की डीसी आईएएस साक्षी साहनी की सेक्टर-7 स्थित सरकारी कोठी से गहने और दो लाख रुपये की नकदी चोरी हुई थी। आरोपियों का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे थे। साक्षी साहनी के सुरक्षाकर्मी पंजाब पुलिस के सिपाही हरनेक सिंह की शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया था। वहीं नवंबर 2021 में आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट के घर का ताला तोड़कर चोर करीब 20 लाख का सामान ले उड़े थे। आठ महीने बाद भी पुलिस इस केस को सुलझा नहीं पाई है।
बीते दिनों विंग कमांडर के घर हुई थी चोरी
बीते दिनों वायुसेना के विंग कमांडर हेमंत कुमार मिश्रा के घर से 13 लाख रुपये के गहने चोरी हुए थे। चोरों ने उनके सेक्टर-49 स्थित आईएएस/आईपीएस सोसायटी में हाथ साफ किया। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने विंग कमांडर की पत्नी प्रतिमा मिश्रा की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के केस दर्ज किया था लेकिन अभी तक केस को सुलझा नहीं सकी।