झारखंड: पुलिस से पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश, हत्या के आरोपी शंकर डे के पैर में लगी गोली
झारखंड के धनबाद में राम प्रताप प्रसाद की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को मैथन से गिरफ्तार करने के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए टुंडी के मनियाडीह ले जाया गया था।
विस्तार
झारखंड के धनबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हत्या के आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, शंकर डे पर राम प्रताप प्रसाद की हत्या करने का आरोप है। उसे मैथन से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए उसे टुंडी के मनियाडीह इलाके में ले गई थी। इसी दौरान मुठभेड़ की घटना हुई।
राम प्रताप के लापता होने की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब ने बताया कि राम प्रताप प्रसाद के लापता होने के संबंध में अगस्त में गोंदूडीह ओपी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया था कि राम प्रताप दो दिनों से घर नहीं लौटे हैं। शिकायत के दौरान शंकर नाम के एक व्यक्ति पर संदेह भी जताया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्ध की तलाश में जुट गई। इसी क्रम में पुलिस को शंकर डे के मैथन के आसपास होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार बरामद करने के दौरान मुठभेड़, पिस्टल छीनने का आरोप
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान शंकर डे से हत्या से जुड़े अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम उसे कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए टुंडी के मनियाडीह ले गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर गोली भी चलाई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शंकर डे के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
लूट की रकम के बंटवारे को लेकर हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे लूट की रकम के बंटवारे को लेकर विवाद होने की आशंका जताई गई है। पुलिस के अनुसार, जून में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में लूट की एक वारदात हुई थी, जिसमें राम प्रताप प्रसाद और शंकर डे दोनों के शामिल होने की बात सामने आई है। आरोप है कि लूट की रकम के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद राम प्रताप की हत्या कर दी गई।
आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य आपराधिक घटनाओं में उसकी संभावित भूमिका का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि राम प्रताप प्रसाद की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।