जींस पर टीचर का कमेंट, छात्रा ने खाया जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फेयरवेल पार्टी में जींस पहनकर आई छात्रा एक टीचर के कमेंट से इतना आहत हुई कि घर लौटते ही उसने जहर निगल लिया। मामला, हरियाणा के हिसार जिले के गांव मुकलान के सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है।
जूनियर विद्यार्थी सीनियर्स को फेयरवेल दे रहे थे। इसी बीच 12 वीं कक्षा की छात्रा योगेश जींस पहनकर पार्टी में पहुंच गई। आरोप है कि एक महिला टीचर ने छात्रा के कपड़ों पर सार्वजनिक कमेंट कर दिया। इस बात को लेकर छात्रा आहत हो गई। पार्टी के बाद जैसे ही वह घर पहुंची उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
परिजनों ने जब उसे बेहोशी की हालात में देखा तो वे उसे शहर ले आए। छात्रा को परिजनों ने गंभीर हालात में आजाद नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। छात्रा की हालात गंभीर बनी हुई है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल के इस कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बलजीत सिंह सहरावत भी मौके पर मौजूद थे। कार्यक्रम में छात्रा ने खास प्रतिक्रिया नहीं दी। घर जाने के बाद वह जहरीला पदार्थ निगल गई।
मां बोली बेटी को निकाल दिया था पार्टी से
छात्रा की मां शर्मिला ने बताया है कि योगेश सुबह 11 बजे रोती हुई घर पहुंची। जब उसने कारण पूछा तो उसने बताया कि उसके जींस पहनकर जाने पर डीपी मैडम व प्रिंसिपल ने कमेंट किए और उसे पार्टी से निकाल दिया। लड़कों ने भी उसकी बेटी का मजाक उड़ाया। मैंने बेटी को समझाया।
कुछ देर बाद उसने खाना खाया और वह एक कमरे में जाकर सो गई। दोपहर तीन बजे उन्होंने देखा कि योगेश उल्टियां कर रही थी। जब उससे पूछा तो उसने जहरीला पदार्थ निगलने की बात बताई।
छात्रा की मां का कहना है कि योगेश पढ़ाई में अच्छी है। उसके पिता मार्केट कमेटी में सुपरवाइजर है। परिवार में एक छोटी बहन व एक भाई है। छात्रा के परिजनों ने बताया है कि वह घर में अक्सर जींस टॉप पहनती है। फेयरवेल पार्टी के लिए वह दो दिन पहले ही नई जींस टॉप खरीदकर लाई थी।
निजी अस्पताल के डॉक्टर पवन कुमार कलानी ने बताया है कि छात्रा की हालात गंभीर बनी हुई। 72 घंटे से पहले कुछ नहीं कहा जा सकता।
प्रताप सिंह, सब इंस्पेक्टर चौकी आजाद नगर ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। 12 वीं कक्षा की छात्रा योगेश ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। बताया गया है कि एक टीचर ने उसके कपड़ों पर कमेंट कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।