थाने में तलाशी के नाम पर युवती से घिनौनी हरकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
युवती से थाने में पुलिसकर्मियों ने तलाशी के नाम पर छेड़छाड़ की। घटना हरियाणा के रोहतक की है। थाने में छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित युवती चोरी की आरोपी है। चोरी के मामले की जांच कर रही महिला जांच अधिकारी की शिकायत पर एसपी ने दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी पुलिसकर्मियों पर महिला पुलिसकर्मी के बयान पर छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मामला सिटी थाने का है और आरोपी पुलिसकर्मी थाना प्रभारी के गनमैन और ड्राइवर हैं।
बीते रविवार को माल गोदाम रोड पर एक व्यापारी के मकान से किसी ने हजारों रुपये की नकदी, कपड़े और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्की व सिटी एरिया के एक मोहल्ले की 18 वर्षीय लड़की को गिरफ्तार किया। कोर्ट में दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेज दिया।
महिला पुलिसकर्मी के कदम से सकते में विभाग
मंगलवार शाम मामले से जुड़ी महिला जांच अधिकारी सरोज एसपी से मिली और लिखित शिकायत दी कि जांच के दौरान थाना प्रभारी के ड्राइवर जयभगवान व गनमैन जग्गा ने लड़की से तलाशी के नाम पर छेड़छाड़ की।
सकते में आए एसपी शशांक आनंद ने तत्काल सिटी थाना प्रभारी को केस दर्ज कर जांच के आदेश दिए और तत्काल प्रभाव से दोनों पुलिसकर्मियों को संस्पेंड कर दिया। हिदायत दी है कि वे पुलिस लाइन में हर रोज अपनी हाजिरी लगाएं। मामला उजागर होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप का है।
मामले में 18 वर्षीय लड़की के बयान बेहद अहम हैं, क्योंकि केस में एफआईआर महिला पुलिसकर्मी सरोज के बयान पर हुई है। ऐसे में जांच टीम लड़की के जमानत पर बाहर आने का इंतजार कर रही है। अगर लड़की ने बयान दे दिया कि उसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई तो आरोपी पुलिसकर्मी बच सकते हैं। अगर उसने भी इसी तरह का आरोप लगाया तो थाना प्रभारी के ड्राइवर व गनमैन पर गाज गिरना तय है।
महिला पुलिसकर्मी सरोज का अपने ही महकमे के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कराना बुधवार को विभाग में चर्चा का विषय बना रहा। सवाल उठ रहे हैं कि सरोज ने वास्तव में न्याय व सच्चे पुलिसकर्मी का फर्ज निभाया है या उसकी आरोपी पुलिसकर्मी जयभगवान व जग्गा से कोई तल्खी है। जांच टीम हर एंगल पर विचार कर रही है।