पंजाब में सड़क हादसों में छह लोगों की मौत, बटाला में मां-बेटे की भी गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में छह लोगों की जान चली गई। पहली घटना बटाला की है। यहां मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं मोगा में हुए एक अन्य हादसे में दो लोगों की मौत की खबर है। बटाला के गांव अठवाल नहर के पास बस का इंतजार कर रहे लोगों को टैंकर ने कुचल दिया। इस घटना में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल बटाला में दाखिल कराया गया है।
वहीं, टैंकर चालक टैंकर छोड़ भाग निकला। थाना घुमान की पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हरदेव सिंह निवासी गांव लधा मुंडे ने बताया कि गुरुवार को उसकी सगाई थी। जिसमें शामिल होने के लिए उसकी बहन बलजिंदर कौर (32), जीजा जोगिंदर सिंह निवासी वैरोनंगल तीन बच्चों समेत सहजप्रीत सिंह (5), सिमरन (6), कोमलप्रीत कौर (4) उसके घर आए थे। गुरुवार को शाम उसकी मासी का लड़का बलदेव सिंह निवासी मनोहरपुरा अपनी बाइक से पांचों को लधे मुंडे से अठवाल पुल पर लेकर गया था, जहां से इन लोगों ने बस पकड़नी थी।
जब वह सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे तो सामने से आ रहे एक टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टैंकर बलजिंदर कौर और उसके 5 साल के बेटे सहजप्रीत सिंह पर चढ़ गया, जिस कारण उन दोनों मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई और टैंकर चालक अपना टैंकर वहीं छोड़कर भाग गया। जबकि बलदेव सिंह, जोगिंदर सिंह, सिमरन और कोमलप्रीत सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान बलदेव सिंह की भी मौत हो गई। जबकि जोगिदंर सिंह और उसके दो बच्चे सिमरन और कोमलप्रीत का इलाज चल रहा है। थाना घुमान के एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में एक की मौत
फिरोजपुर में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय मार्ग स्थित गांव मधरे के रेलवे फाटक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उधर, थाना सिटी पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सवरन सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी हबीब वाला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बूटा सिंह (30) पुत्र इंद्र सिंह वासी हबीब वाला अपनी बाइक से फिरोजपुर की तरफ जा रहा था।
गांव मधरे स्थित रेलवे फाटक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। बूटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल पहुंचते ही बूटा सिंह ने दम तोड़ दिया। मामले की जांच-पड़ताल थाना सिटी के एएसआई सतपाल कर रहे हैं। सतपाल ने कहा कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
हादसे में बाइक सवार दो नौजवानों की मौत
मोगा के थाना धर्मकोट के अधीन गांव इंदगढ़ नसीरेवाला लिंक रोड पर खड़े टाटा 407 कैंटर से टकरा जाने से बाइक सवार दो नौजवानों की मौके ही मौत हो गई। पुलिस चौकी किशनपुरा इंचार्ज एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि सुखचैन सिंह (22) गांव हिंमतपुरा अपने दोस्त प्रीता (21) को साथ लेकर बाइक पर गांव रोशन वाला में अपनी बहन को मिलने के लिए गया था। दोनों वापस हिंमतपुरा लौट रहे थे तो इंदगढ़-नसीरेवाला लिंक रोड पर उनकी बाइक सड़क पर खड़े एक टाटा 407 कैंटर से जा टकराई। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।