Patiala News: गांव मोहलगढ़ में पवित्र ग्रंथ की बेअदबी, आरोपी काबू, एसजीपीसी ने की घटना की निंदा
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने बेअदबी की घटना की कड़ी निंदा की है। धामी ने कहा कि संपूर्ण मानवता को जीवन का मार्ग दिखाने वाले श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के अपमान की घटनाएं एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं।
विस्तार
पटियाला के गांव मोहलगढ़ में पवित्र ग्रंथ के पावन स्वरूप की बेअदबी का मामला सामने आया है। आरोपी गांव का ही एक युवक है। उसने पवित्र स्वरूप को पालकी साहिब समेत आग लगा दी। इससे पहले पावन ग्रंथ के अंगों को भी फाड़ा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को काबू कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। चर्चा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है लेकिन पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।
थाना जुल्कां पुलिस ने मामले में आरोपी और एक ग्रंथी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान 35 साल के हरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है, जो खेतीबाड़ी का काम करता है। गुरसाहिब सिंह निवासी गांव मोहलगढ़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार रात उन्हें पता चला कि गांव के गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के स्वरूप को आग लग गई है।
जब मौके पर जाकर देखा तो श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के स्वरूप व पालकी को आग लगाई गई थी। तुरंत उन्होंने गांव के लोगों को मौके पर बुलाया। सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर पाया गया कि इस वारदात को गांव के रहने वाले हरप्रीत सिंह ने अंजाम दिया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गुरसाहिब के बयान पर हरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया।
एफआईआर में गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी बलवीर सिंह निवासी सन्नौर जिला पटियाला को भी नामजद किया गया है। उन पर गुरुद्वारा साहिब में हाजिर न रहकर लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हरप्रीत सिंह ने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया? इस संबंध में फिलहाल जांच की जा रही है।
एसजीपीसी अध्यक्ष ने की बेअदबी की निंदा
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने बेअदबी की घटना की कड़ी निंदा की है। धामी ने कहा कि संपूर्ण मानवता को जीवन का मार्ग दिखाने वाले श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के अपमान की घटनाएं एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं। इसके जरिये पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है। धामी ने कहा कि पटियाला के मोहलगढ़ गांव में बेअदबी करने वाले को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस को यह भी पता लगाना चाहिए कि घटना के पीछे कौन सी ताकतें काम कर रही हैं।