पंजाबः तरनतारन के डेरे में खजांची को बंधक बनाकर एक करोड़ की लूट, सीसीटीवी में कैद वारदात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कार सेवा बाबा जगतार सिंह जी के डेरे से सोमवार रात एक करोड़ रुपये की नकदी लूटने का मामला सामने आया है। लुटेरों ने मरीज को बाबा जी के दर्शन करवाने के बहाने डेरे का दरवाजा खुलवाया था। लूट की घटना डेरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे कुछ युवकों ने डेरे का दरवाजा खुलवाया। पहरेदार बुजुर्ग बख्शीश सिंह ने दरवाजा खोला तो आरोपियों ने कहा कि मरीज को बाबा जी के दर्शन करवाने है। इसके बाद तीन युवक अंदर दाखिल हुए और डेरे के खजांची बाबा महिंदर सिंह के कमरे का दरवाजा खटखटाया।
आरोपियों ने बाबा महिंदर सिंह से भी मरीज को बाबा जी के दर्शन करवाने की बात कही और उनके कमरे में प्रवेश किया। कमरे में घुसते ही एक आरोपी ने बाबा की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और उनके साथ मारपीट की। फिर उन्हें बांधकर कमरे के अंदर बने बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी वहां से एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी स्विफ्ट गाड़ी में डालकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही एसएसपी ध्रुव दहिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने डेरे से जुड़े कुछ लोगों से भी पूछताछ की है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बाबा महिंदर ने आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी है।
बंधे होने के कारण सांस लेने में तकलीफ के कारण महिंदर सिंह को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। वहीं बाबा जगतार सिंह जी ने बताया कि लूटी गई राशि एक करोड़ से अधिक थी। बाबा जगतार सिंह की अनुपस्थिति में बाबा महिंदर ही डेरे का काम देखते हैं।
डेरे ने श्री ननकाना साहिब भेजी थी सोने की पालकी
कार सेवा डेरा बाबा जगतार सिंह की तरफ से देश-विदेश के गुरुद्वारों की कार सेवा करवाई जाती है। डेरे की तरफ से श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान के श्री ननकाना साहिब के लिए भी सोने की पालकी साहिब तैयार करवाई गई थी।
सीसीटीवी फुटेज वायरल
पुलिस की ओर भले ही जांच का दावा किया जा रहा है, पर घटना के दूसरे दिन कोई बड़ा पुलिस अधिकारी डेरे में जांच के लिए नहीं पहुंचा। हालांकि डेरे से मिली सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया के माध्यम से डेरे के प्रबंधकों ने वायरल कर दी है। डेरे में हुई इस घटना का अफसोस करने के लिए सारा दिन श्रद्धालुओं का तांता डेरे में लगा रहा।