हैवानियतः सहकर्मी की 5 साल की बेटी से दुराचार
हवसी युवक अपने सहकर्मी की 5 साल की मासूम बच्ची को बहला फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया और दरिंदगी की। वारदात हरियाणा के यमुनानगर में घटी।
युवक ने अपने सहकर्मी की पांच साल की बच्ची को सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया और खून से लथपथ हालत में वहीं रोता छोड़कर भाग गया। राहगीर ने बच्ची को रोता देखा और उसे परिजनों तक पहुंचाया। जहां से बच्ची को अस्पताल में भर्ती करवाया और पुलिस को सूचना दी दी।
वारदात रविवार शाम को थाना सदर क्षेत्र में हुई। बच्ची अपने परिजनों के साथ प्लाइवुड फैक्ट्री में आई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई थी। बच्ची के पिता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को नामजद करते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फैक्ट्री में खेल रही बच्ची अचानक लापता हो गई थी
उड़ीसा निवासी व्यक्ति ने थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बाड़ी माजरा क्षेत्र स्थित प्लाइवुड फैक्ट्री में मजदूरी करता है। पत्नी और दो बेटियों के साथ किराए पर रह रहा है।
रविवार को वह अपनी पत्नी और बेटियों के साथ बाद दोपहर बाजार गया था। लौटते हुए वह सपरिवार फैक्ट्री आ गया और अपना बचा हुआ काम निपटाने लगा। इस दौरान उसकी दोनों बेटियां वहीं पास में खेल रही थीं। पांच साल की बच्ची अचानक लापता हो गई।
उसकी पत्नी और फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी बेटी को ढूंढने लगे लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं लगा। शाम करीब साढ़े सात बजे एक अनजान व्यक्ति बेटी को लेकर फैक्ट्री में उनके पास पहुंचा और बताया कि उसे बच्ची फैक्ट्री से कुछ दूर जंगल के पास खून से लथपथ हालत में मिली।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बेटी के कपड़े खून से सने हुए थे और वह रो रही थी। बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई। परिजन बच्ची को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उससे बलात्कार होने की पुष्टि की। पीड़िता के पिता ने इसकी शिकायत थाना सदर पुलिस को दी।