MSG से रोक हटी पर अभी नहीं दिखेंगे राम रहीम के स्टंट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फिल्म मेसेंजर ऑफ गॉड (एमएसजी) की रिलीज पर लगी रोक हट गई है। सेंसर बोर्ड की केंद्रीय कमेटी सर्टिफिकेशन अपीलेट ट्राइब्यूनल (एफसीएटी) ने कुछ दृश्यों को हटाने के बाद फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन डेरा समर्थकों के अनुसार फिल्म के प्रदर्शन पर से रोक हटा दी गई है।
गौरतलब है कि अकाल तख्त समेत कई सिख संगठनों ने राम-रहीम की इस फिल्म पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाते हुए बैन लगाने की मांग की थी। गृह मंत्रालय ने भी यह आशंका जताई थी कि फिल्म को देखने के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल सकता है। इसे देखते हुए सेंसर बोर्ड ने फिल्म पर रोक लगाते हुए फिल्म को सर्टिफिकेट देने से मना कर दिया था।
बोर्ड की अध्यक्ष लीला सैमसन ने बताया कि फिल्म को एफसीएटी के पास भेजने का फैसला एकमत से किया गया था। सेंसर बोर्ड की पूरी टीम ने फिल्म देखने के बाद इसे फिल्म सर्टिफिकेशन अपीलेट ट्राइब्यूनल (एफसीएटी) के पास भेजा गया था।
सीन हटाने पर भी मान गए थे राम रहीम
अपनी फिल्म मेसेंजर ऑफ गॉड पर रोक की खबरों से पहले पर राम रहीम ने कहा था कि अगर बोर्ड को किसी सीन पर आपत्ति होगी तो वह उसको हटा देंगे।
फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर के आने के बाद से ही फिल्म को लेकर विवाद होने लगे थे। ऐसे में राम रहीम ने कहा था कि अगर सेंसर बोर्ड को फिल्म में कुछ आपत्तिजनक लगेगा तो उस दृश्य को हटा दिया जाएगा। वहीं इस स्वनिर्देशित फिल्म में उन्होंने फिल्म के गीत भी गाए हैं।
राम रहीम ने कहा था कि 'फिल्म में मैंने खुद को भगवान की तरह नहीं, बल्कि एक आम आदमी की तरह पेश किया है। यह फिल्म युवाओं को अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित करेगी। फिल्म के जरिए युवाओं को नशा, वेश्यावृत्ति सहित कई तरह की बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया है।'
16 जनवरी को रिलीज नहीं होगी एमएसजी
बठिंडा/फरीदकोट। डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फिल्म मैसेंजर ऑफ गॉड आज पंजाब और चंडीगढ़ में रिलीज नहीं होगी। पंजाब के मालवा क्षेत्र में इस फिल्म को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
बठिंडा के सिनेमा मालिकों ने फिल्म प्रदर्शित करने से मना कर दिया है। इसके बाद डेरा प्रेमियों ने ऐलान किया है कि वे इस फिल्म को अपने नाम चर्चा घरों में दिखाएंगे। फिल्म को लेकर तनाव की आशंका के चलते वीरवार को फरीदकोट में फ्लैग मार्च निकाला गया। फरीदकोट में सीआरपीएफ की एक कंपनी तैनात की गई है। वहीं पटियाला के एसआरएस सिनेमाहॉल के मुताबिक फिल्म पूरे पंजाब में कहीं रिलीज नहीं हो रही।
वहीं फिल्म एमएसजी 16 जनवरी को चंडीगढ़ में रिलीज नही हो रही है। यह फिल्म चंडीगढ़ के पिकाडली, एलांते मॉल, पीवीआर, डीटी सिनेमा और फन रिपब्लिक में लगाई जानी थी। मनीमाजरा स्थित फन सिनेमा के मैनेजर जतिंदर सिंह का कहना कि फिल्म का कई जगह विरोध हो रहा था। इस कारण उन्होंने इसका कोई शो या टिकट बुक नही की थी।