पटियाला में रेलवे कर्मचारी के बेटे की हत्या, लुधियाना में झुलसा मिला मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटियाला में रेलवे की महिला कर्मचारी के बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। खबर लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी। नीलम निवासी सरकारी क्वार्टर डी-54 रेलवे कॉलोनी ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसका लड़का कर्ण (24) प्राइवेट नौकरी करता है।
वह सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे बाहर किसी काम से अपनी स्कूटी पर सवार होकर गया था। काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद रात में करीब 10 बजे नीलम को पता लगा कि उसका लड़का कर्ण संजय कॉलोनी के नजदीक शिव मंदिर के पास गिरा पड़ा है। जब वह मौके पर पहुंची, तो देखा कि उसकी छाती और शरीर के कुछ हिस्सों पर चोटें लगी हुई थीं।
मामले के जांच अधिकारी डिवीजन नंबर दो के इंचार्ज गुरनाम सिंह ने बताया कि यह चोटें किसी तेजधार हथियारकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने अभी कुछ कहने से इंकार कर दिया है।
सड़क पर झुलसा मिला मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव
वहीं लुधियाना के सिटी सेंटर के पास मंगलवार की सुबह संदिग्ध हालात में सड़क किनारे एक युवक झुलसा मिला। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस ने युवक को सिविल अस्पताल दाखिल कराया। हालत गंभीर होने उसे डीएमसी अस्पताल भेज दिया गया।
युवक की पहचान मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव दिनेश सेठी के रुप में हुई है। वह कैसे जला वह खुद जला या उसे किसी ने जलाया अभी इस बारे में किसी को कुछ पता नहीं है। थाना दुगरी के अधीन आती चौकी शहीद भगत सिंह नगर की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। चौकी इंचार्ज एएसआई सुनील ने बताया कि दिनेश हैबोवाल इलाके में रहता है और मेडिकल मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है।
सोमवार की रात आठ बजे के करीब वह घर से निकला था। जाते वक्त उसने अपनी पत्नी को बोला था कि वह किसी काम से जा रहा है और वह उसे फोन न करे। उसे देर होगी तो वह उसे फोन कर लेगा। देर रात तक फोन न आने से परेशान परिजन उसकी तलाश करते रहे। वह कहां है किसी को कुछ पता नहीं था। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे सिटी सेंटर के पास जले युवक को देख राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद उसे उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया।
करीब 90 फीसदी जले होने से उसकी हालत गंभीर देखकर उसे डीएमसी अस्पताल में दाखिल कराया गा। एएसआई सुनील ने बताया कि दिनेश को आग कैसे लगी, उसे किसी ने जलाया या फिर उसने खुद को आग लगाई, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। दिनेश अभी बयान देने की हालत मे नहीं है। उन्होंने बताया वह जिस रास्ते से गया है, वहां के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे है। इसके अलावा उसकी फोन कॉल की डिटेल भी चेक करवाई जा रही है। जल्द ही मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा।