मोस्ट वांटेड राजू बसौदी का फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाला पंजाब पुलिस का हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, कई खुलासे
- एसटीएफ ने पंजाब के जीरकपुर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया
- आरोपी ने पांच लाख रुपये लेकर बनवाया था फर्जी पासपोर्ट, खुद किया था राजू बसौदी के फर्जी पते का सत्यापन
- अब तक 57 फर्जी पासपोर्ट बनवा चुका है आरोपी का गैंग, 44 राजू बसौदी व काला जठेड़ी गैंग के सदस्यों के बनवाए
विस्तार
एसटीएफ सोनीपत की टीम ने मोस्टवांटेड राजू बसौदी का फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने में मदद करने वाले गैंग के गुर्गे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पंजाब पुलिस का हेड कांस्टेबल है और जीरकपुर थाने में तैनात था। एसटीएफ ने उसको थाने से ही गिरफ्तार किया है। आरोपी कुख्यात राजू बसौदी को सिख बनाकर फर्जी नाम और पते पर पासपोर्ट तैयार कराकर दिया था।
एसटीएफ ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। टीम उससे पूछताछ कर रही है। उससे पता चला है कि उसका गैंग अभी तक 57 फर्जी पासपोर्ट बनवा चुका है। एसटीएफ प्रभारी सतीश देशवाल ने बताया कि मोस्टवांटेड गांव बसौदी निवासी राजकुमार उर्फ राजू बसौदी वर्ष 2019 में विदेश भाग गया था, जबकि उसके पासपोर्ट को पहले ही जब्त कर लिया गया था।
जांच में सामने आया था कि वह फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागा था। एसटीएफ ने फर्जी पासपोर्ट का मामला भी दर्जकर लिया था। फरवरी 2020 में राजू बसौदी को थाईलैंड के बैंकॉक से काबू किया गया था। उसने बताया था कि फर्जी पासपोर्ट पंजाब के जीरकपुर से बनवाया था। फर्जी पासपोर्ट में राजू बसौदी को सरदार गुरवीर सिंह पुत्र सरदार बलवंत सिंह, निवासी गुलमोहर अपार्टमेंट, जीरकपुर जिला मोहाली (पंजाब) दर्शाया गया था।
इस नाम व पते पर वह मकान ही नहीं है। जिसका सत्यापन हेड कांस्टेबल राजेंद्र ने किया था। इसके लिए हेड कांस्टेबल राजेंद्र ने राजू बसौदी से पांच लाख रुपये लिए थे। राजेंद्र को एसटीएफ ने पंजाब से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पंजाब के बठिंडा के गुरु अर्जुन देव नगर निवासी राजेंद्र ने पूछताछ में बताया कि इस मामले में थाने का हेड मुंशी सुखविंदर भी शामिल था।
अब तक 57 पासपोर्ट बनवाना कुबूला
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र ने बताया है कि अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर वह करीब 57 फर्जी पासपोर्ट बनवा चुका है। इसमें 44 पासपोर्ट राजू बसौदी और काला जठेड़ी गैंग के सदस्यों को दिए गए हैं। इसमें पंजाब के पासपोर्ट कार्यालय के कर्मचारी भी शामिल बताए गए हैं। पासपोर्ट के लिए फर्जी पता और पहचान पत्र तैयार करने का काम गैंग खुद कराता था।
एसटीएफ सोनीपत की टीम ने मामले की गहनता से जांच के बाद पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। वह राजू बसौदी, लारेंस बिश्नोई व काला जठेड़ी गैंग के गुर्गों सहित अन्य को फर्जी पासपोर्ट उपलब्ध कराने का आरोपी है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी से बनवाए पासपोर्ट से कई अपराधी यूके, कनाडा, थाईलैंड व साउथ अफ्रीका तक भाग गए हैं। वे वहीं से अपना गैंग चला रहे हैं। - महेश कुमार सिंह, डीएसपी, एसटीएफ।