सड़क हादसे में बीएसएफ के एक जवान की मौत...13 घायल, मोगा में दो लोगों की गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमृतसर के कस्बा अजनाला के गांव नानकपुरा थेह के पास एक प्राइवेट कंपनी की तेज रफ्तार बस ने सीमा सुरक्षा बल की बस को पीछे से टक्कर मार दी। इससे एक जवान की मौत हो गई और 13 जवान घायल हो गए। मृतक जवान की पहचान गिरीवर सिंह शेखावत निवासी सीकर राजस्थान के तौर पर हुई है। घटना सोमवार सुबह लगभग साढे़ दस बजे घटी।
हादसे के बाद प्राइवेट बस चालक फरार हो गया। बस में बैठी सवारियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद मांगी। हादसे के घायलों को अजनाला सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से पांच घायलों को गंभीर हालत में अमृतसर आर्मी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल जवानों के हाथों, पैरों और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार सीमा सुरक्षा बल की एक टुकड़ी के 14 जवान अपनी बस में बैठ कर भारतीय निगरान चौकी पंजगराई से अजनाला मुख्यालय जा रहे थे। बीएसएफ जवानों की गाड़ी अभी पंजगराई गांव से थोड़ी दूर गांव नानकपुरा थेह के नजदीक पहुंची ही थी कि पीछे से काहलों ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस ने जवानों की बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया।
इस दौरान बस के ड्राइवर ने बीएसएफ की गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बीएसएफ की बस खेतों की तरफ गिर गई। घायल जवानों को ग्रामीणों ने बस से निकलकर ट्रैक्टर ट्राली में अस्पताल पहुंचाया। पुलिस थाना पंजगराई के इंचार्ज परमवीर सिंह विर्दी ने बताया कि मामला दर्ज कर ड्राइवर को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत
मोगा के थाना बाघापुराना के गांव राजेआणा के पास सोमवार रात को एक जैन कार अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भयंकर था कि मौके पर कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना बाघापुराना के एएसआई अमरजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता राजिंदर कुमार निवासी इंदिरा कालोनी मोगा ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि रविवार के दिन उसके बेटे गौरव डुलगच का साला मुक्तसर से उनके पास मोगा आया था।
इस दौरान उसका बेटा गौरव, उसका छोटा भाई साहिल उर्फ सौरव और दोस्त अनूप कुमार जैन कार से गौरव के साले को मुक्तसर छोड़ने के चले गए। रविवार देर रात को जब तीनों वापस लौट रहे थे तो गांव राजेआणा के पास उनकी कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। इसमें कार चला रहे गौरव (30) और उसके साथ बैठे अनूप (30) की मौके पर ही मौत हो गई। पिछली सीट पर बैठा साहिल उर्फ सौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। साहिल की हालत गंभीर होने पर उसे मोगा से लुधियाना रेफर कर दिया गया है।
जांच अधिकारी के अनुसार राजिंदर कुमार के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिए गए हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गौरव डुलगच नगर निगम मोगा में कच्चा मुलाजिम था। अनूप और साहिल मछली मार्केट में मछली का कारोबार था।