उम्रकैद की सजा काट रहे शख्स ने गोली मारकर की आत्महत्या, पैरोल खत्म होने के बाद आज जाना था वापस
- दिल्ली पुलिस के जवान के बेटे की हत्या के मामले में युवक समेत चार दोषियों को हुई थी उम्रकैद।
- युवक ने इंडियन कॉलोनी स्थित अपने घर के अंदर कमरे में देशी पिस्तौल से गोली मारकर की आत्महत्या।
विस्तार
हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे इंडियन कॉलोनी निवासी युवक ने पैरोल पर आकर वापस जाने से चंद घंटे पहले घर के अंदर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक को दिल्ली पुलिस के जवान के बेटे की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। युवक ने देशी पिस्तौल कनपटी से सटाकर गोली मारी है। जिससे गोली उसके सिर से आर-पार होकर दीवार पर जा लगी।
परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो युवक की मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खानपुर में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक पैरोल खत्म होने के बाद जेल नहीं जाना चाहता था। इसके चलते ही उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने युवक के खिलाफ उसके पिता के बयान पर ही अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर की इंडियन कॉलोनी के रहने वाले पंकज (22) ने शुक्रवार सुबह करीब पौने आठ बजे अपने कमरे में देशी पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पंकज हत्या के मामले में उम्रकैद का सजायाफ्ता है और वह 21 दिन पहले पैरोल पर घर आया था। शुक्रवार को ही उसे वापस जेल जाना था। उसने जेल जाने से चंद घंटे पहले ही आत्महत्या कर ली।
घटना से पहले पंकज ने अपने परिजनों से जेल वापस जाने से मना किया था। परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर आत्महत्या कर ली। उसने अपनी कनपटी के दाहिने तरफ पिस्तौल सटाकर गोली चला दी। जिससे गोली उसके सिर के आर-पार होकर बाईं तरफ से निकलकर दीवार में जा लगी।
गोली की आवाज सुनकर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर गए तो वह मृत पड़ा था। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस ने एफएसएल की टीम को मौके पर बुलवाया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया। बाद में खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर ही उसके खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के जवान के बेटे की हत्या में हुई थी उम्रकैद
आत्महत्या करने वाले पंकज को मालवीय नगर गली नंबर 1 निवासी दिल्ली पुलिस के जवान जोगिंद्र सिंह के इकलौते बेटे मोहित (22) की हत्या का आरोप था। उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर 29 अक्तूबर 2016 को द्वितीय वर्ष के छात्र मोहित की हत्या की थी।
पंकज व उसके तीन साथी पंकज कुमार निवासी गढ़ी ब्राह्मणान, नवीन व अनिल निवासी मयूर विहार पर आरोप था कि वह घटना के दिन किसी अंगद नाम के युवक को पीट रहे थे। मोहित उसे बचाने लगा तो उन्होंने उसकी हत्या कर दी थी। चारों को अदालत ने 16 फरवरी, 2018 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। जिसके बाद से पंकज भौंडसी जेल में सजा काट रहा था।
पैरोल आज खत्म हुआ था
पंकज के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह 21 दिन पहले पैरोल लेकर भौंडसी जेल से वापस आया था। उसे शुक्रवार को वापस जाना था। उसने सुबह परिजनों से कहा था कि वह जेल में नहीं जाना चाहता। जिस पर परिजनों ने उसे समझाया था। उसके बावजूद वह परिजनों को मना कर कमरे में घुस गया था। उसने अंदर जाकर आत्महत्या कर ली थी।
दो बहनों का इकलौता भाई था पंकज
कमरे के अंदर घुसकर आत्महत्या करने वाला पंकज दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और छोटी बहन उसके माता-पिता के पास रहती है। पंकज के पिता कुलदीप सिंह निजी एंबुलेंस चलाते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
चार-पांच दिन बाहर रहकर कल आया था घर
पुलिस के अनुसार पंकज पैरोल पर आने के बाद कुछ दिन तक अपने घर रहा था। वहीं चार-चार दिन पहले वह बाहर चला गया था। उसके बाद वह गुरुवार को ही घर आया था। वह इसी दौरान कहीं से पिस्तौल अपने साथ ले आया और सुबह आत्महत्या कर ली।
जेल से पैरोल लेकर इंडियन कॉलोनी में अपने घर आए युवक ने देशी पिस्तौल से आत्महत्या कर ली है। उसके शव का खानपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। युवक के खिलाफ अवैध शस्त्र का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -सत्यवान, थाना प्रभारी सिटी सोनीपत।