छेड़छाड़ से रोका तो नेशनल एथलीट को गोली मारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कॉलेज में एथलीट युवती से छेड़छाड़ करने से रोकने पर एक युवक ने नेशनल एथलीट को गोली मार दी। घटना पंजाब के फरीदकोट के सरकारी बरजिंदरा कॉलेज की है।
घटना में गंभीर रूप से घायल हुए डोगर बस्ती निवासी बलजिंदर सिंह शक्तिमान को स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
अस्पताल में उपचाराधीन बलजिंदर सिंह ने बताया कि वह एथलीट का नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट है और रोजाना प्रेक्टिस करने नेहरू स्टेडियम में जाता था। सोमवार को भी जब वह खेल स्टेडियम के पास पहुंचा तो उसके साथ प्रेक्टिस करने वाली एक युवती के साथ फरीदकोट के तनिष्क शर्मा ने छेड़छाड़ की। उसने इसका विरोध किया।
पहले माफी मांगी फिर गोली मार दी
एथलीट के विरोध करने पर आरोपी युवक वहां से चला गया। बलजिंदर भी कॉलेज कैंटीन के पास आ गया। थोड़ी देर बाद तनिष्क ने वहां आकर पहले उससे माफी मांगी। जैसे ही उसने अपना मुंह घुमाया तो आरोपी ने उस पर फायर कर दिया। गोली बलजिंदर सिंह की पीठ पर लगी है।
इस दौरान बलजिंदर के बड़े भाई फौजी सिंह ने बताया कि वह डिप्टी सीएम सुखवीर सिंह बादल का कुक है। उन्होंने इस घटना की जानकारी पुलिस के सभी आला अधिकारियों को दे दी है।
इस मामले में थाना कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर नरिन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने बलजिंदर सिंह के बयान पर आरोपी युवक तनिष्क शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।