अजीब उलझन, दो दूल्हों की एक दुल्हन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नाबालिग थी तो परिजनों ने शादी कर दी। जवान हुई तो खुद कर ली। अब दूल्हे हो गए और दुल्हन बेचारी एक, करे तो क्या करे। मामला हरियाणा के अंबाला शहर का है।
दुल्हन को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां उसके बयान दर्ज करके उसे सेफ हाउस से रिलीज करके उसके प्रेम के साथ जाने की अनुमति दे दी गई। हालांकि परिजन उसे अपने साथ ले जाना चाहते थे।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुलोचना गजराज ने कहा कि अदालत के आदेशों के बाद दुल्हन को सेफ हाउस से रिलीज कर दिया गया है। इस दौरान मौके में दुल्हन के दो दूल्हों के परिजनों के बीच बहसबाजी और हंगामा भी हुआ।
प्रेमी दूल्हे के साथ जाना चाहती है दुल्हन
दुल्हन सुषमा ने डीसीपी ग्रामीण के समक्ष पेश होकर परिजनों पर जबरदस्ती बाल विवाह करने तथा दोबारा फिर से दबाव बनाकर अपने पहले दूल्हे के साथ भेजने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
उसने पुलिस के समक्ष अपने प्रेमी पति रिंकू के साथ जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन उसके परिजन उस पर दबाव बनाकर उसे पहले पति के साथ भेजना चाहते थे।
पहली शादी नाबालिग रहते हुई थी
जानकारी के अनुसार कुछ समय पूर्व पंचकूला जिले के महौली वाला गांव निवासी राम करण ने अपनी कथित नाबालिग बेटी सुषमा की शादी जिले के ही देबड़ गांव के एक युवक के साथ कर दी थी और उधर, युवक की बहन का सुषमा के भाई जसबीर सिंह के साथ विवाह हुआ था। दोनों ही दुल्हनें गौना की रस्म के तहत अढ़ाई अढ़ाई साल के लिए अपने-अपने मायके में रह गई।
ससुराल जाने से पहले की दूसरी शादी
अब कुछ दिन पहले निर्धारित समय पर दोनों दुल्हनों ने अपने-अपने ससुराल जाना था। तभी ससुराल जाने की तैयारी के लिए अपने भाई के साथ सामान लेने बाजार गई बालिग हो चुकी सुषमा ने जिले के ही रामपुर गांव निवासी रिंकू के साथ फरार होकर प्रेम विवाह रचा लिया और कोर्ट के आदेशों पर सेफ हाउस पहुंचकर पुलिस सुरक्षा ले ली।
सोमवार को अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान रिंकू के परिजनों ने नवदंपति को स्वीकार कर घर ले जाने का बयान दिया। नवदंपति भी घर जाने के लिए तैयार हो गए।
दोनों दूल्हे अपने साथ रखना चाहते हैं दुल्हन
दूल्हे रिंकू के परिजन अपनी बहु को घर ले जाने सेफ हाउस पहुंच गए, लेकिन वहां दुल्हन के परिजनों तथा युवती का पहला दूल्हा (जिससे नाबालिग रहते शादी हुई थी) एवं उसके परिजनों के भी आने से विवाद हो गया।
पुलिस ने दुल्हन सुषमा के बयान दर्ज कर उसे प्रेमी पति रिंकू के साथ भेजने के इजाजत दे दी। डीसीपी ग्रामीण सुलोचना गजराज का कहना है कि अदालती आदेशों के बाद उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई तथा दुल्हन ने भविष्य के लिए भी किसी प्रकार की सुरक्षा नहीं मांगी है।