पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता: खालिस्तान टाइगर फोर्स का गुर्गा चार पिस्तौल और 10 कारतूस समेत मोगा से गिरफ्तार
22 मई को पंजाब पुलिस ने कमल के साथी लवप्रीत सिह और राम सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने अब कमल को धर दबोचा है। आरोपी गांव डाला का रहने वाला है। आरोपी के कब्जे से चार पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए हैं। ये सभी कनाडा में बैठे खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के सरगना हरदीप सिंह निज्जर के कहने पर वारदात को अंजाम देते थे।
विस्तार
खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के दो गुर्गों की गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस ने इनके तीसरे साथी कमलजीत शर्मा उर्फ कमल को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह डेरा प्रेमी के कत्ल, केटीएफ प्रमुख हरदीप निज्जर के गांव में पुजारी पर गोलीबारी, सुक्खा लम्मा कत्ल केस और मोगा के सुपरशाइन कत्ल केस में शामिल मुख्य शूटरों में से एक है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिनकर गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि कमल मोगा के गांव डाला का रहने वाला है। मोगा पुलिस ने इसे जिले के नत्थूवाला जदीद के पास से गिरफ्तार कर 315 बोर की चार पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए हैं। बता दें कि पुलिस ने 22 मई को कमल के दो साथी लवप्रीत सिंह उर्फ रवि और राम सिंह उर्फ सोनू को मोगा से गिरफ्तार किया था।
तीनों केटीएफ प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर के दिशा-निर्देश पर वारदात करते थे। हरदीप सिंह निज्जर को देश की सरकार ने गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत आतंकवादी घोषित किया है। डीजीपी गुप्ता ने बताया कि इसके अलावा इनके तीन और केटीएफ के सह-साजिशकर्ता व मास्टरमाइंड की पहचान अर्शदीप, रमनदीप और चरनजीत उर्फ रिंकू बेहला के तौर पर की गई है। ये आरोपी कनाडा के सर्रे (बीसी) में छिपे हैं। पंजाब पुलिस भारत लाने की कोशिश कर रही है।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने कमल से एक महिंद्रा बोलेरो भी बरामद की है। जिसका उपयोग वह जाली नंबर लगाकर कर रहा था। इसके अलावा कमल के पास से तीन मोटर साइकिल भी बरामद की गई हैं। जिन्हें भगता भाईका में डेरा प्रेमी के कत्ल, फिल्लौर में पुजारी पर फायरिंग और सुपरशाइन कत्ल में इस्तेमाल किया गया था।
मोगा के एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि कमल को इन वारदातों के लिए हवाला और वेस्टर्न यूनियन के जरिए कनाडा में बैठे साथियों ने बड़ी मात्रा में रुपये भेजे हैं। पूछताछ में कमल ने खुलासा किया कि हरदीप सिंह निज्जर और उसके कनाडा के तीन अन्य सहयोगियों ने भरोसा दिया था कि यदि वह अपराध करते समय पकड़े भी जाते हैं तो उनका केस नामी वकीलों को सौंपा जाएगा।
एसएसपी गिल ने बताया कि आरोपी के साथी लवप्रीत सिंह उर्फ रवि की निशानदेही पर मोगा पुलिस ने सुपरशाइन कपड़े के मालिक की हत्या में इस्तेमाल की गई 0.32 बोर की पिस्तौल भी बरामद की है। इस गुट से अब तक पांच .32 बोर, सात .315 बोर और एक .12 बोर की देसी पिस्तौल बरामद की जा चुकी हैं।