लेफ्टिनेंट कमांडेंट को नशीला पदार्थ सुंघा कर लूटा
मुंबई में अपने घर से नौकरी के लिए लेफ्टिनेंट कमांडेंट संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उनकी तलाश चल रही थी कि वह अगले दिन डीलक्स एक्सप्रेस में अर्द्धबेहोशी की हालत में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंच गया।
अंबाला में जीआरपी पुलिस ने उन्हें प्राथमिक इलाज दिलवाया। सूचना पर देर रात दिल्ली से नेवी के अफसर अंबाला कैंट पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए।
पीड़ित लेफ्टिनेंट कमांडेंट ने पुलिस को बताया कि वह मुंबई में अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। वे यहां कैसे पहुंचे, उन्हें नहीं मालूम। पीड़ित अर्पित गोदा नेवी की ड्रेस पहने हुए था। पीड़ित के अनुसार उनका मोबाइल, पर्स, घड़ी गायब है। उनके पास सिर्फ उनका आईकार्ड बचा है।
जीआरपी ने बताया कि 11 फरवरी को मुंबई के नेवल हेडक्वार्टर कोलावा से पीड़ित अपनी ड्यूटी के लिए निकला था। लेकिन, वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। अगले दिन 12 फरवरी को उसके परिजनों ने मुंबई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
लेफ्टिनेंट कमांडेंट को दिल्ली ले गए अफसर
मुंबई पुलिस अर्पित को तलाश कर रही थी। इसी दौरान वह डीलक्स एक्सप्रेस से अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर अर्द्धबेहोशी की हालत में पहुंच गए। यात्रियों ने इसकी सूचना गार्ड को दी। गार्ड ने जीआरपी पुलिस को बुलवाकर कमांडेंट को उसके हवाले कर दिया।
जीआरपी ने होश में आने पर उनसे पूछताछ की, तो पूरे घटनाक्रम का पता चला। उन्होंने जीआरपी को अपना आईकार्ड भी दिखाया। इसके बाद जीआरपी ने इसकी सूचना मुंबई के नेवल हेडक्वार्टर को दी और लापता कमांडेंट के अंबाला में होने की जानकारी दी।
इस पर मध्यरात्रि दिल्ली से नेवी के कुछ अफसर अंबाला पहुंचे और पीड़ित लेफ्टिनेंट कमांडेंट को दिल्ली ले गए। जीआरपी के इंस्पेक्टर ओमपाल ने बताया कि पीड़ित कमांडेंट को दिल्ली से आए नेवी अफसरों को सौंप दिया गया है।