नेशनल रेसलर की दर्दनाक मौत, सिहर उठेंगे आप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव खेवड़ा के पास सड़क पर गिरे मोबाइल को उठाने के प्रयास में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान को कंटेनर ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव खेवड़ा निवासी प्रवीण आंतिल (19) शनिवार शाम बाइक से बहालगढ़ की तरफ से गांव की तरफ जा रहा था। जब वह गांव के पास स्थित सीआरपीएफ कैंप के निकट पहुंचा तो उसकी जेब से उसका मोबाइल नीचे गिर गया। उसने मोटरसाइकिल को एक तरफ खड़ा किया और मोबाइल उठाने चला गया। इसी दौरान एक कंटेनर ने उसे कुचल दिया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे कंटेनर चालक बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी रसीद खान को गिरफ्तार कर लिया है। प्रवीण राष्ट्रीय स्तर का पहलवान था। वह नेशनल में पदक जीत चुका था।
नेशनल गेम्स की तैयारी कर रहा था मृतक
प्रवीण के भाई कुलदीप दहिया ने बताया प्रवीण ने पिछले साल ही 74 किलो भार वर्ग में नेशनल में गोल्ड मेडल हासिल किया था। इस साल फिर से उसने नेशनल की तैयारी शुरू कर की थी। इस वर्ष प्रवीण ने अपना वजन बढ़ाकर 80 किलो भार वर्ग में कुश्ती लड़ने का फैसला किया था।
पढ़ाई में भी था होशियार
प्रवीण पढ़ाई में भी होशियार था। नंबरों की बात करें तो 10वीं की परीक्षा में 92 प्रतिशत नंबरों के साथ उसने मेरिट हासिल की थी। वहीं 12वीं में भी प्रवीण के 90 प्रतिशत अंक थे। प्रवीण ने 88 प्रतिशत अंकों के साथ जेबीटी भी क्लियर की थी। इसके अलावा सीटेट भी पास कर रखी थी।
परिवार में छाया मातम
19 साल के प्रवीण की हादसे में हुई मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। उसके भाई और 3 बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार प्रवीण पर कोई दबाव नहीं था। वह अभी पढ़ाई कर रहा था और साथ में ही पहलवानी भी कर रहा था। प्रवीण पढ़ाई में अव्वल था, जिसकी पूरे गांव में चर्चा होती थी। अब पहलवानी में भी प्रवीण ने परिवार और गांव का नाम रोशन किया था।