घर का दरवाजा था बंद, पत्नी का नहीं मिल रहा था सुराग, बेड खोलकर देखा तो उड़ गए होश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घर में पड़े बेड को जब परिवारवालों ने खोला तो उनके होश उड़ गए। बेड में हाथ-पैर बंधे एक विवाहिता का शव पड़ा था। वहीं गर्दन पर धारदार हथियार से हमला भी किया गया था। मामला पंजाब के फिरोजपुर का है। यहां के बस्ती टैंकावाली की गली नंबर-24 में हत्यारों ने विवाहिता पूजा (26) की हत्या कर लाश घर में पड़े बेड के अंदर छिपा दी। विवाहिता के हाथ-पांव बंधे थे और मुंह पर पट्टी बंधी होने के अलावा गर्दन पर हथियार से हमले के निशान थे।
थाना कैंट पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसपी (डी) बलजीत सिंह सिद्धू का कहना है पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। जल्द ही हत्यारों का सुराग लगा लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक मृतक पूजा (26) के पति मनमोहन ठाकुर निवासी बस्ती टैंकावाली ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी पूजा पुत्री चन्नन निवासी जालंधर के साथ हुई थी। मनमोहन एक आयुर्वेदिक कंपनी फिट एंड डाइट में कार्यरत है।
मनमोहन ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार की सुबह नौ बजे मार्केटिंग के लिए निकला था। उसके पिता सुभाष एक सप्ताह पहले हिमाचल प्रदेश में बाबा बालक नाथ शाह तलाई गए हैं। मनमोहन ने बताया कि मंगलवार को उसकी सास पूजा को फोन कर रही थी। पूजा फोन नहीं उठा रही थी। इस पर सास ने उसे काल कर बताया कि पूजा फोन नहीं उठा रही है। घर जाकर पूजा की मुझसे बात करवाना।
शाम छह बजे घर पहुंच कर देखा तो घर का दरवाजा बंद था। इस पर वह पड़ोस में अपने दोस्त अश्वनी कुमार के घर बैठ गया। काफी देर बाद भी पूजा घर नहीं पहुंची। इस पर घर की रसोई की खिड़की से किसी तरह अपने दोस्त अश्वनी के साथ घर के अंदर दाखिल हुआ। अंदर जाकर घर का दरवाजा खोला। पूजा की तलाश काफी देर तक करते रहे और रिश्तेदारों को फोन भी किया। जब पूजा का पता नहीं चला तो उसके बाद घर में पड़े सोने के जेवरात देखने के लिए कमरे में पड़े बेड को खोला।
जैसे बेड को खोला तो उसमें पूजा की लाश पड़ी थी, जिसे देखकर मनमोहन डर गया और पड़ोसियों को बुलाया। पूजा के हाथ-पांव बंधे हुए थे, मुंह पर पट्टी बंधी थी। गर्दन पर धारदार हथियार के निशान थे और खून बह रहा था। थाना कैंट पुलिस को इत्तलाह दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी।
बुधवार सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान पिता चन्नन ने कहा कि बेटी पूजा की हत्या किसने की है, पुलिस उसे तलाश लेगी। इससे ज्यादा चन्नन कुछ नहीं बोले। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। गली नंबर-24 में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है। बेडरूम में फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने सभी सबूत जुटा लिए हैं। एसपी (डी) बलजीत सिंह सिद्धू ने बताया पुलिस बहुत ही बारीकी से तहकीकात कर रही है। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ चल रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।