साथ बैठकर पी शराब, बातों-बातों में फिर बढ़ गया विवाद, भांजों ने गला रेतकर मामा को मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव बेरला निवासी एक किसान की पैसों के लेनदेन को लेकर हुए झगड़े के दौरान उसके दो भांजों ने हत्या कर दी। ननिहाल आए भांजों और मामा के मध्य सोमवार रात शराब पीते समय विवाद हुआ था।
इसके बाद उन्होंने गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया। सूचना मिलते ही बाढ़डा पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के भाई के बयान पर आरोपी भांजों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मंगलवार दोपहर एक बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को दी शिकायत में बेरला निवासी तेजपाल ने बताया कि वे छह बहन-भाई थे।
वह अपने भाई कुलदीप (41), अपनी मां और परिवार के साथ खेत में मकान बनाकर रह रहा है। उसने बताया कि उसका तीसरा भाई दिल्ली में अपने परिवार सहित रहता है।
पुलिस बयान में तेजपाल ने बताया कि सोमवार को झज्जर जिले के गौरिया गांव से उसके दो भांजे अपने एक दोस्त के साथ इनोवा में सवार होकर दोपहर तीन बजे उनके गांव बेरला आए थे।
उन्होंने पहले से ही शराब पी रखी थी। तेजपाल ने बताया कि जब वे घर आए तो कुलदीप, उसका परिवार और मां भी घर पर मौजूद थी। घर आते ही उसके भांजे प्रवीन और सोमबीर ने खाना भी खाया।
तेजपाल ने बताया कि इसके बाद उसका भाई कुलदीप दोनों भांजों और उनके दोस्त के साथ बैठकर शराब पीने लगा। रात करीब साढ़े आठ बजे उनके बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई।
इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और किसी धारदार हथियार से कुलदीप के गले पर वार कर दिया। कुलदीप के गले पर कट लगने से काफी खून बह गया।
परिजन उसे बाढ़डा पीएचसी ले जाने लगे लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को सिविल अस्पताल ले आए। मामले की सूचना पाकर बाढ़डा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने सोमवार रात ही कुलदीप के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मंगलवार सुबह बाढ़डा पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस शिकायत में मृतक के भाई और दोनों आरोपियों के मामा तेजपाल ने बताया कि हत्याकांड को दोनों भाइयों ने मिलकर अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि कहासुनी के बाद सोमबीर ने कुलदीप के हाथ पकड़ लिए और प्रवीन ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। तेजपाल ने बताया कि वो दोनों रोहतक निवासी अपने दोस्त शेखर के साथ उसकी इनोवा गाड़ी में बेरला आए थे।
जमीन पर तार खिंचवाने की दी थी धमकी
मृतक के भाई तेजपाल ने पुलिस शिकायत में बताया कि शराब पीते समय कुलदीप का प्रवीन और सोमबीर के साथ रुपयों के लेन-देन पर विवाद हो गया था। उन दोनों ने रुपये न देने पर कुलदीप की चार एकड़ जमीन पर तार खिंचवाने की धमकी भी दी थी। मृतक के भाई ने दोनों आरोपी भाइयों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग पुलिस से की है।
हत्याकांड के बाद बाढ़डा पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम पहले घटनास्थल पर पहुंची और वहां साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद टीम सिविल अस्पताल भी पहुंची। यहां टीम ने शव का जायजा लिया।
बाढ़डा थाना प्रभारी रामौतार ने बताया कि मृतक कुलदीप की गर्दन पर एक ही वार किया गया है। यह वार किसी धारदार हथियार से किया गया है। अधिक खून बहने के चलते कुलदीप ने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई तेजपाल की शिकायत पर उसके भांजे सोमबीर और प्रवीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतक कुलदीप का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रामौतार, एसआई एवं बाढ़डा थाना प्रभारी