जुआ खेलते समय हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदला, दो भाइयों पर अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जुआ खेलते समय दो लोगों में मामूली तकरार हो गई और इसके बाद दोनों ने शराब पीकर एक दूसरे को फोन पर ललकार लगाई। इस पर दो सगे भाई लड़ाई करने के लिए दूसरे व्यक्ति की ललकार पर उसकी बताई हुई जगह पर भी पहुंच गए और वहां पर एक दूसरे को गालियां देना शुरू कर दिया।
इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मोगा के सिविल अस्पताल से लुधियाना रेफर कर दिया गया है।
डीएसपी सिटी परमजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच में पता चला कि चमकौर सिंह निवासी गिल रोड और पलविंदर सिंह उर्फ गब्बर निवासी बेदी नगर मोगा लक्कड़ मंडी के पास बैठकर बुधवार शाम को जुआ खेल रहे थे। जुआ खेलते समय दोनों के बीच मामूली तकरार हो गई।
इसके बाद दोनों वहां से चले गए। जांच में सामने आया कि चमकौर सिंह (27) ने लक्कड़ मंडी के पास ही किसी की दुकान पर बैठकर शराब पी और फिर गब्बर को फोन पर ललकार लगाई। आगे से गब्बर ने भी जब खरी खोटी सुनाई तो दोनों में विवाद बढ़ गया।
इसके बाद चमकौर सिंह अपने भाई केवल सिंह को साथ लेकर बेदी नगर में गब्बर के साथ लड़ाई करने चला गया। गब्बर अपने भाई अपार सिंह उर्फ लवली के घर था। वहां पहुंचे चमकौर और केवल ने गाली गलौज शुरू कर दी। तैश में आकर गब्बर ने घर की छत पर जाकर 315 बोर राइफल से चमकौर और केवल सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
फायरिंग में चमकौर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केवल गंभीर घायल हो गया। घटना का पता चलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गब्बर के भाई अपार सिंह उर्फ लवली को हिरासत में ले लिया।
गब्बर सिंह तब तक फरार हो चुका था। घायल केवल सिंह को लुधियाना डीएमसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद थाना सिटी में आरोपी पलविंदर सिंह गब्बर समेत उसके भाई अपार सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की धारा 302 समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
जांच अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि अपार सिंह का कैंप मार्केट में मेडिकल स्टोर है और गब्बर के खिलाफ नशा तस्करी के आरोप में पहले भी केस दर्ज है। जबकि चमकौर सिंह और उसका भाई पशुओं के चारे का काम करते थे।